ठंड में सुबह उठते ही गर्दन में होने लगता है दर्द और खिंचाव, ये 4 योगासन दिलाएंगे समस्या से राहत

Yoga for Neck Stiffness: सर्दियों में गर्दन में अकड़न, दर्द और खिंचाव की समस्या बढ़ सकती है। इसके पीछे ठंड के अलावा और भी वजह हो सकती हैं। जानिए 4 आसान योगासन जो समस्या से राहत दिला सकते हैं।

Yoga for Neck Stiffness: सर्दियों का मौसम आते ही कई लोगों को सुबह उठने के बाद गर्दन में भारीपन, खिंचाव और अकड़न महसूस होने लगती है। कभी गर्दन दाईं-बाईं तरफ घुमाने में परेशानी होती है तो कभी कंधों तक दर्द और जकड़न महसूस होने लगती है। खासकर लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप पर काम करने वाले लोगों की यह समस्या और बढ़ सकती है। ठंड के मौसम में शारीरिक गतिविधियां कम होना, एक ही स्थिति में लंबे समय तक बैठे रहना और मांसपेशियों का तनाव गर्दन की अकड़न के बढ़ने के कारण हो सकते हैं। ऐसे में नियमित रूप से हल्के योगाभ्यास और स्ट्रेचिंग को लाइफस्टाइल में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 4 आसान योगाभ्यास (Yoga for Neck Pain), जो आपके गर्दन और कंधों की जकड़न को कम करने में मदद कर सकते हैं।

Yoga for Neck Stiffness

गर्दन की अकड़न के लिए 4 योगासन

1. गर्दन घुमाने का अभ्यास (Neck Rotation)

गर्दन की अकड़न कम करने के लिए सबसे आसान अभ्यासों में नेक रोटेशन शामिल है। इसे करने के लिए सबसे पहले किसी शांत जगह पर सुखासन में बैठ जाएं या कुर्सी पर पीठ सीधी करके बैठें। अब धीरे-धीरे गर्दन को दाईं तरफ घुमाएं और कुछ सेकंड रुकने के बाद सामान्य स्थिति में लाएं। इसके बाद यही प्रक्रिया बाईं तरफ दोहराएं। ध्यान रखें कि गर्दन को बहुत तेजी से या झटके के साथ न घुमाएं। यह हल्का अभ्यास गर्दन की मूवमेंट बनाए रखने और आसपास की मांसपेशियों को आराम देने में मदद कर सकता है।

2. बालासन (Child Pose)

दिनभर मोबाइल या लैपटॉप पर झुककर बैठने से गर्दन और कंधों पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में बालासन एक रिलेक्सिंग योगासन हो सकता है। इसे करने के लिए सबसे पहले घुटनों के बल बैठ जाएं। अब धीरे-धीरे आगे की तरफ झुकते हुए माथे को जमीन पर टिकाएं और दोनों हाथों को सामने की तरफ फैला लें। इस मुद्रा में नॉर्मल सांस लेते रहें और कुछ देर रुकें। यह आसन कंधों और पीठ के ऊपरी हिस्से को आराम देने में सहायक हो सकता है।

3. मार्जरी आसन (Cat-Cow Pose)

गर्दन और पीठ के ऊपरी हिस्से में होने वाले तनाव को कम करने के लिए मार्जरी आसन फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले योग मैट पर घुटनों और हथेलियों के बल आ जाएं। अब सांस लेते हुए धीरे-धीरे सिर को ऊपर उठाएं और पीठ को हल्का नीचे की तरफ झुकाएं। इसके बाद सांस छोड़ते हुए ठुड्डी को छाती की तरफ लाएं और पीठ को ऊपर की ओर गोल करें। इस प्रक्रिया को अपनी क्षमता के अनुसार 5 से 8 बार दोहराएं। इससे रीढ़ की हड्डी की फ्लैक्सिबिलिटी बनाए रखने और गर्दन-पीठ के आसपास के तनाव को कम करने में मदद मिल सकती है।

4. शोल्डर रोल (Shoulder Roll)

गर्दन की अकड़न का असर अक्सर कंधों पर भी दिखाई देता है। ऐसे में शोल्डर रोल एक आसान अभ्यास है, जिसे घर या ऑफिस में भी किया जा सकता है। इसके लिए सीधे बैठ जाएं और दोनों कंधों को धीरे-धीरे कानों की तरफ उठाएं। अब उन्हें पीछे की ओर गोल घुमाते हुए नीचे लाएं। इसके बाद यही प्रक्रिया आगे की तरफ दोहराएं। इस अभ्यास को 8 से 10 बार आराम से करें। इससे कंधों के आसपास की मांसपेशियों में तनाव कम करने और उनकी गतिशीलता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

डिस्क्लेमर- इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य जागरुकता के लिए है। इसे किसी समस्या के इलाज के तौर पर नहीं लिया जा सकता है। किसी तरह की सलाह को अमल में लाने से पहले हेल्थ एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

End Article
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस औ...

End of Feed