World Coconut Day: भारतीय रसोई में नारियल की अपनी अलग जगह है। कभी चटनी में स्वाद बढ़ाता है, कभी मिठाई को खास बनाता है और कभी सब्जी की ग्रेवी को गाढ़ा कर देता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि, नारियल के इसके अलावा भी कई इस्तेमाल हैं। अक्सर घरों में नारियल लाकर उसकी एक-दो रेसिपी बनाई जाती है। लेकिन नारियल नाश्ते से लेकर मिठाई और करी तक में इस्तेमाल किया जा सकता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - जन्माष्टमी स्पेशल माखन मिश्री कैसे बनाएं, पुंडरीक गोस्वामी जी की पत्नी ने शेयर की खास रेसिपी
आज विश्व नारियल दिवस पर यही याद करने का अच्छा मौका है कि नारियल कोई एक काम की चीज नहीं है। इसकी ताजा गिरी, सूखा नारियल, नारियल का दूध और नारियल पानी, हर रूप में यह रसोई के काम आ सकता है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी मुश्किल रेसिपी की जरूरत भी नहीं। तो अगली बार नारियल घर आए, उसे सिर्फ चटनी के लिए मत बचाइए। रसोई में इसके ये आसान प्रयोग भी जरूर आजमाइए।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - महंगे होते प्याज के बीच, बिना प्याज के सब्जी की थिक ग्रेवी कैसे बनाएं
1. सब्जी की ग्रेवी में डालें
ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल सब्जी की ग्रेवी में डालने से स्वाद बदल जाता है। इसे पीसकर मसालों के साथ पकाएं और साधारण सब्जी को थोड़ा अलग अंदाज दें।
2. पोहे और उपमा में करें इस्तेमाल
नाश्ते में बनने वाले पोहे, उपमा या सेवई में ऊपर से थोड़ा कद्दूकस किया नारियल डाल सकते हैं। इससे डिश में हल्का मीठा स्वाद और अच्छी बनावट आ जाती है।
3. नारियल की चटनी के नए रूप
हर बार एक ही चटनी बनाने के बजाय नारियल में पुदीना, धनिया, मूंगफली या थोड़ा भुना चना मिलाकर अलग स्वाद तैयार करें। इससे एक ही नारियल से कई तरह की चटनियां बन सकती हैं।
4. नारियल का दूध बनाएं
ताजा नारियल की गिरी को पानी के साथ पीसकर छान लें। इससे घर पर नारियल का दूध तैयार हो जाता है। इसे सब्जियों, करी, सूप या मीठी डिश में इस्तेमाल किया जा सकता है।
5. मिठाई में डालें
कद्दूकस किया नारियल लड्डू, खीर, हलवा या घर की बनी मिठाई में आसानी से डाला जा सकता है। थोड़ा नारियल किसी साधारण मीठे व्यंजन को भी अलग स्वाद दे देता है।
6. चावल को दें नया स्वाद
नारियल वाला चावल बहुत आसान विकल्प है। पके हुए चावल में कद्दूकस नारियल, करी पत्ता और कुछ हल्के मसाले मिलाकर जल्दी से स्वादिष्ट खाना तैयार किया जा सकता है।
7. बची गिरी को ऐसे बचाएं
अगर नारियल एक साथ इस्तेमाल नहीं होना है, तो उसकी गिरी को कद्दूकस करके छोटी-छोटी मात्रा में फ्रीजर में रख सकते हैं। जरूरत पड़ने पर उतना ही निकालें जितना चाहिए। इससे खाना भी बचेगा और नारियल भी।
नारियल की सबसे अच्छी बात यही है कि इसका इस्तेमाल किसी एक रेसिपी तक सीमित नहीं है। थोड़ा कच्चा, थोड़ा पका, थोड़ा दूध और कभी मिठाई, हर रूप में यह रसोई को नया स्वाद दे सकता है। जरूर ही स्मार्ट कुकिंग में आप भी नारियल का ऐसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
