लाइफस्टाइल

Janmashtami 2026: जन्माष्टमी स्पेशल माखन मिश्री कैसे बनाएं, पुंडरीक गोस्वामी जी की पत्नी ने शेयर की खास रेसिपी

जन्माष्टमी पर कान्हा को माखन-मिश्री का भोग लगाने की परंपरा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। रेणुका गोस्वामी ने निमाई पाठशाला की वीडियो में घर पर ताजा माखन तैयार करने का आसान तरीका बताया है, जिसे बच्चे भी सीख सकते हैं

Image

Makhan Mishri Recipe for Janmashtami

Janmashtami 2026 Makhan Mishri Recipe: जन्माष्टमी आते ही घर में भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं की याद के साथ भोग की तैयारियां भी शुरू हो जाती हैं। कान्हा को माखन बेहद प्रिय माना जाता है, इसलिए इस दिन कई घरों में माखन-मिश्री जरूर बनाई जाती है। आमतौर पर इसे बनाना मुश्किल काम नहीं है, लेकिन जब वही भोग अपने हाथों से तैयार किया जाए तो त्योहार का आनंद कुछ और ही हो जाता है।

निमाई पाठशाला से जुड़े एक वीडियो में रेणुका पुंडरीक गोस्वामी ने जन्माष्टमी के लिए ताजा माखन-मिश्री तैयार करने का सरल तरीका साझा किया है। उनका कहना है कि घर की माताएं और दादियां तो इसे अक्सर बनाती रही हैं, लेकिन इस बार बच्चों को भी अपने हाथों से ठाकुर जी के लिए यह भोग बनाने का मौका देना चाहिए। इस रेसिपी में बहुत ज्यादा सामान नहीं चाहिए। देखें कैसे आप घर पर इस जन्माष्टमी ताजा माखन मिश्री बना सकते हैं, और कान्हा जी को भोग लगा सकते हैं।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - जन्माष्टमी स्पेशल केक डिजाइन

चाहिए ये चीजें

माखन-मिश्री का भोग बनाने के लिए आपको चाहिए:

  • अच्छी मात्रा में ठंडी गाय के दूध की मलाई
  • मिश्री
  • थोड़ा सा केसर
  • ठंडा पानी
  • माखन रखने के लिए एक साफ मटकी या सुंदर बर्तन

सबसे पहले मलाई फेंटें

रेणुका गोस्वामी के बताए तरीके के अनुसार सबसे पहले अच्छी तरह ठंडी की हुई मलाई एक साफ बर्तन में निकालें। अब इसे लगातार एक ही दिशा में फेंटते या घुमाते रहें। शुरुआत में मलाई बिल्कुल सामान्य लगेगी, लेकिन लगातार फेंटने पर इसमें धीरे-धीरे बदलाव नजर आने लगेगा।

मलाई कुछ समय बाद गाढ़ी होने लगेगी और उसमें माखन बनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस काम में थोड़ा धैर्य रखना जरूरी है। जल्दबाजी करने के बजाय लगातार फेंटते रहें।

ठंडा पानी डालते ही अलग होगा माखन

जब मलाई अच्छी तरह गाढ़ी और सख्त नजर आने लगे, तब इसमें थोड़ा ठंडा पानी डालें। रेणुका गोस्वामी के अनुसार इससे माखन अलग होने में मदद मिलेगी।

अब जो ताजा माखन निकले, उसे धीरे से इकट्ठा कर लें। इसे साफ पानी से हल्का सा धोकर अतिरिक्त पानी निकाल सकते हैं। इसके बाद इसे एक छोटी मटकी या सुंदर बर्तन में रख दें।

अब डालें मिश्री और केसर

माखन तैयार हो जाने के बाद ऊपर से मिश्री डालें। मिश्री की मात्रा आप अपने स्वाद और उपलब्धता के हिसाब से रख सकते हैं। इसके बाद थोड़ा केसर भी डालें। इससे भोग की खुशबू और स्वाद दोनों अच्छे लगेंगे। और बस स्वादिष्ट माखन मिश्री भोग के लिए तैयार है।

बेशक ही आखिर जन्माष्टमी की खुशी सिर्फ सजावट और पूजा में नहीं, बल्कि मिलकर कुछ बनाने और श्रद्धा से भगवान को अर्पित करने में भी है। इसलिए इस जन्माष्टमी आप भी अपने नटखट नंदलाल को जरूर ही इस रेसिपी से बनाएं माखन मिश्री का ही भोग लगाएं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article