गरम मसाले में कौन-कौन से आइटम होते हैं, सबसे ज्यादा गर्म कौन सा मसाला होता है, देखें गरम मसाला लिस्ट

मसाले में ऐसा क्या होता है, जो इसे गरम मसाला कहा जाता है? क्या इसमें शामिल सभी मसाले शरीर पर एक जैसा असर डालते हैं या कोई एक मसाला ऐसा भी है, जो बाकियों से ज्यादा गर्म होता है?

गरम मसाले में सबसे ज्यादा गर्म कौन सा मसाला होता है: भारतीय रसोई में गरम मसाले का डिब्बा लगभग हर घर में मिल जाएगा। दाल हो, सब्जी, छोले, पनीर या फिर किसी तरह का शाही पकवान, चुटकी भर गरम मसाला खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बदल देता है। वैसे क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर इस मसाले में ऐसा क्या होता है, जो इसे गरम मसाला कहा जाता है? क्या इसमें शामिल सभी मसाले शरीर पर एक जैसा असर डालते हैं या कोई एक मसाला ऐसा भी है, जो बाकियों से ज्यादा गर्म होता है? इसका जवाब हम आपको दे रहे हैं। गरम मसालों में सबसे गर्म तासीर काली मिर्च और लौंग की होती है।

Garam Masala list in Hindi

गरम मसाले में सबसे गर्म कौन सा मसाला होता है (AI Image)

गरम मसालों में सबसे गर्म होती है काली मिर्च

गरम मसाले में काली मिर्च को तीखापन देने वाला प्रमुख मसाला माना जाता है। इसमें पिपरीन नाम का प्राकृतिक तत्व पाया जाता है, जो इसकी चुभने वाली तीखी अनुभूति के लिए जिम्मेदार है। काली मिर्च खाने से मुंह में हल्की जलन और गर्माहट महसूस होती है। इसके अलावा पिपरीन भोजन में मौजूद कुछ पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित कर सकता है।

लौंग का असर भी होता है तेज

लौंग आकार में भले ही छोटी हो, लेकिन इसकी खुशबू और स्वाद काफी तेज होता है। इसमें यूजेनॉल नाम का प्राकृतिक यौगिक पाया जाता है। यही लौंग को उसकी खास खुशबू और तीखा स्वाद देता है। लौंग की खासियत यह है कि इसकी अधिक मात्रा खाने में डालने पर स्वाद पर इसका असर हावी हो सकता है। इसलिए गरम मसाला तैयार करते समय इसका इस्तेमाल संतुलित मात्रा में किया जाता है।

दालचीनी और इलायची भी देती हैं गर्माहट

दालचीनी गरम मसाले को मीठी और लकड़ी जैसी खुशबू देती है। इसमें सिनामाल्डिहाइड नाम का यौगिक पाया जाता है। यह दालचीनी की खास सुगंध और स्वाद के लिए जिम्मेदार है। वहीं इलायची मसाले को मीठी, ताजगी भरी खुशबू देती है। बड़ी इलायची का स्वाद थोड़ा धुएं जैसा होता है, जबकि छोटी इलायची में मिठास और सुगंध ज्यादा होती है।

गरम मसाले में कितने आइटम होते हैं (Garam Masala List Hindi)

  • जीरा
  • साबुत धनिया
  • काली मिर्च
  • दालचीनी
  • लौंग
  • हरी इलायची / छोटी इलायची
  • बड़ी इलायची / काली इलायची
  • तेजपत्ता
  • जावित्री
  • जायफल
  • चक्रफूल
  • शाहजीरा
  • सौंफ
  • सोंठ / सूखा अदरक
  • पत्थर फूल
  • कबाबचीनी / पिप्पली
  • खसखस
  • नागकेसर

आखिर गरम मसाला शरीर को गर्म क्यों करता है?

यहां एक दिलचस्प बात समझने वाली है। गरम मसाले में गरम शब्द का मतलब मिर्च जैसा तीखापन नहीं है। पारंपरिक भारतीय खानपान और आयुर्वेद में कुछ मसालों को उनकी तासीर के आधार पर गर्म माना जाता है। वहीं वैज्ञानिक रूप से इनके अलग-अलग प्राकृतिक यौगिक स्वाद, सुगंध और मुंह में गर्माहट का अनुभव पैदा करते हैं।

कितना गरम मसाला खाना चाहिए?

गरम मसाले का इस्तेमाल हमेशा संतुलित मात्रा में करना चाहिए। ज्यादा मात्रा में डालने से खाने का मूल स्वाद दब सकता है। जिन लोगों को एसिडिटी, सीने में जलन या मसालों से पेट में परेशानी होती है, उन्हें अपनी सहनशीलता के अनुसार इसका इस्तेमाल करना चाहिए।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed