बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि उनके बेटे आरव को थ्रिफ्ट शॉपिंग (Thrift Shopping) पसंद है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कई बार सेकेंड हैंड या पहले इस्तेमाल की जा चुकी चीजें खरीदना पसंद करता है। हम जानते हैं कि यह बात आपको हैरान कर रही होगी। आपको लग रहा हो गा कि इतने बड़े सेलिब्रिटी का बेटा सेकेंड हैंड चीजें क्यों खरीदेगा भला। लेकिन दुनिया भर में थ्रिफ्ट शॉपिंग अब सिर्फ पैसे बचाने का तरीका नहीं रह गया है, लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुका है।
क्या होती है थ्रिफ्ट शॉपिंग?
थ्रिफ्ट शॉपिंग का मतलब है ऐसी चीजें खरीदना जो पहले किसी और ने इस्तेमाल की हों, लेकिन अच्छी स्थिति में हों। इनमें कपड़े, जूते, बैग, किताबें, फर्नीचर, खिलौने, विंटेज एक्सेसरीज और कई दूसरी चीजें शामिल हो सकती हैं।
ये सामान थ्रिफ्ट स्टोर, चैरिटी शॉप, ऑनलाइन रीसेल प्लेटफॉर्म या विंटेज मार्केट में मिलता है। कई बार ब्रांडेड और लगभग नए जैसे प्रोडक्ट्स भी उनकी मूल कीमत से काफी कम दाम पर मिल जाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: किसी प्रोटेस्ट में जाना चाहे बच्चा तो पेरेंट्स कैसे करें डील
क्यों थ्रिफ्ट श़ॉपिंग कर रहे युवा?
थ्रिफ्ट शॉपिंग का बसे बड़ा आकर्षण इसकी कीमत है। कई बार महंगे ब्रांड के कपड़े और एक्सेसरीज उनकी असली कीमत के एक छोटे हिस्से में मिल जाते हैं। यही वजह है कि छात्र, युवा प्रोफेशनल्स और फैशन के शौकीन लोग इसे काफी पसंद करते हैं। इससे कम बजट में भी अलग और स्टाइलिश वॉर्डरोब तैयार किया जा सकता है।
हर चीज होती है थोड़ी अलग
मॉल में मिलने वाले कपड़े हजारों लोगों के पास हो सकते हैं, लेकिन थ्रिफ्ट स्टोर में अक्सर यूनिक और विंटेज पीस मिल जाते हैं। यही कारण है कि फैशन पसंद करने वाले लोग यहां से ऐसी चीजें खरीदना पसंद करते हैं, जो उनके स्टाइल को अलग पहचान दें।
थ्रिफ्ट शॉपिंग में किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
थ्रिफ्ट शॉपिंग करते समय कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं:
- कपड़े या सामान की स्थिति अच्छी तरह जांच लें।
- दाग, फटे हिस्से या टूट-फूट पर ध्यान दें।
- इस्तेमाल करने से पहले उसकी सफाई या सैनिटाइजेशन जरूर करें।
- ऑनलाइन खरीद रहे हैं तो विक्रेता की रेटिंग और रिटर्न पॉलिसी देख लें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जानें क्यों शेर बनने से बेहतर है कॉकरोच बनना
भारत में भी तेजी से बढ़ रहा है ट्रेंड
कुछ साल पहले तक भारत में सेकेंड-हैंड सामान खरीदने को लेकर झिझक थी, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। सोशल मीडिया और ऑनलाइन रीसेल प्लेटफॉर्म ने थ्रिफ्ट शॉपिंग को नई पहचान दी है। खासकर महानगरों में कॉलेज जाने वाले युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
अक्षय कुमार के बेटे का थ्रिफ्ट शॉपिंग पसंद करना इस बात का संकेत भी है कि नई पीढ़ी अब चीजों की कीमत से ज्यादा उनकी उपयोगिता को महत्व दे रही है। थ्रिफ्ट शॉपिंग इसी बदलती सोच की एक मजबूत मिसाल बनती जा रही है।
