Itra Vs Perfume: बहुत से लोग शरीर पर इत्र या परफ्यूम का इस्तेमाल करते हैं। गर्मियों में जब पसीने की बदबू की समस्या आम हो जाती है तो इत्र या परफ्यूम का इस्तेमाल भी ज्यादा हो जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इत्र और पर्फ्यूम में क्या अंतर है और गर्मियों के लिए बेहतर क्या है। यहां आपको जानकर हैरानी होगी कि इत्र और परफ्यूम में कई बड़े अंतर होते हैं।
क्या होता है इत्र?
इत्र एक पारंपरिक खुशबूदार तेल या लिक्विड होता है। आमतौर पर इसे प्राकृतिक फूलों, जड़ी-बूटियों, लकड़ी और मसालों से तैयार किया जाता है। इसमें अल्कोहल का इस्तेमाल नहीं होता है और अगर होता भी है तो ना के बराबर।
भारत और मध्य पूर्व के देशों में इत्र का इस्तेमाल सदियों से किया जाता रहा है। गुलाब, चमेली, केवड़ा, ऊद और चंदन जैसे प्राकृतिक तत्वों से बने इत्र की खुशबू काफी गहरी और लंबे समय तक रहने वाली मानी जाती है।
इत्र को अगर आप बहुत थोड़ी मात्रा में भी स्किन पर लगाएं तो इसकी खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है। कई बार तो नहाने के बाद भी इसकी हल्की खुशबू बनी रहती है ।
Read Also: गर्मियों में बनियान पहनना सही या गलत
इत्र से कितना अलग है परफ्यूम?
इत्र जहां पूरी तरह से प्राकृतिक होता है वहीं परफ्यूम के साथ ऐसा नहीं है। परफ्यूम में खुशबूदार तेलों के साथ अल्कोहल और दूसरे केमिकल बेस का इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि इसकी खुशबू जल्दी फैलती है और स्प्रे के रूप में आसानी से इस्तेमाल की जा सकती है। परफ्यूम तेज खुशबू भले दें लेकिन ज्यादा देर तक नहीं टिकते।
इत्र या परफ्यूम, गर्मियों के लिए क्या है बेस्ट
गर्मियों में हल्के और फ्रेश नोट्स वाले परफ्यूम ज्यादा पसंद किए जाते हैं, क्योंकि वे शरीर को ताजगी का एहसास देते हैं। साइट्रस, मिंट और एक्वा बेस्ड परफ्यूम गर्म मौसम में काफी लोकप्रिय माने जाते हैं।
वहीं इत्र की खुशबू ज्यादा गाढ़ी और तीव्र हो सकती है। अगर बहुत ज्यादा मात्रा में लगाया जाए, तो गर्मी में इसकी महक भारी महसूस हो सकती है। हालांकि हल्के फूलों वाले इत्र अब भी कई लोगों की पसंद बने रहते हैं।
क्योंकि परफ्यूम में अल्कोहल होता है, इसलिए कुछ लोगों की संवेदनशील त्वचा पर जलन या ड्राइनेस हो सकती है। दूसरी तरफ प्राकृतिक तत्वों से बने इत्र अपेक्षाकृत सौम्य माने जाते हैं, लेकिन यह पूरी तरह उसकी गुणवत्ता पर निर्भर करता है।
अगर आपको हल्की, ताजगीभरी और तुरंत फैलने वाली खुशबू पसंद है, तो गर्मियों में परफ्यूम बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं लंबे समय तक टिकने वाली गहरी खुशबू पसंद करने वाले लोग इत्र चुन सकते हैं।
असल में सही विकल्प वही है जो मौसम, आपकी त्वचा और आपकी पसंद तीनों के हिसाब से सही साबित हो।
