सर्दी में तुलसी के पत्ते काले क्यों पड़ते हैं, क्या काले पत्तों वाली तुलसी फिर से हरी हो सकती है, तुलसी के पौधे को फिर से हरा-भरा कैसे रखें

Tulsi ke patte sardi mein kale kyon padte hain: सर्दियों में तुलसी के पत्ते काले क्यों हो जाते हैं। क्या काले पत्तों वाली सूखती तुलसी फिर से हरी हो सकती है। जानें तुलसी ेके पौधे को ठंड, पाले और ज्यादा पानी से बचाने के आसान तरीके।

Tulsi ke patte sardi mein kale kyon padte hain: सर्दियों का मौसम आते ही घरों में लगे तुलसी के पौधे की परेशानी बढ़ने लगती है। कभी इसकी पत्तियां काली पड़ जाती हैं, तो कभी किनारों से सूखकर गिरने लगती हैं। कई बार पूरा पौधा ही मुरझाया हुआ नजर आता है। खासकर दिसंबर और जनवरी में ठंडी हवा, कोहरा और गिरता तापमान तुलसी की सेहत पर असर डालते हैं। ऐसे में पौधे को बचाने के लिए सिर्फ पानी देना काफी नहीं है। उसकी धूप, मिट्टी और जगह का भी ध्यान रखना जरूरी है।

tulsi ki pattiyan kali kyon hoti hain

तुलसी की पत्तियां काली क्यों हो जाती हैं, क्या ऐसी तुलसी फिर से हरी हो सकती है

गार्डनिंग क्रिएटर उर्मिला राजपूत ने अपने गार्डनिंग वीडियो में तुलसी के पौधे की देखभाल को लेकर पानी देने के तरीके और सर्दियों में पौधे को बचाने जैसे पहलुओं पर जानकारी साझा की है। उनके वीडियो से मिलने वाली एक अहम सीख यह है कि तुलसी को जरूरत से ज्यादा पानी देना भी नुकसान पहुंचा सकता है। मिट्टी में लगातार नमी रहने से जड़ों को परेशानी हो सकती है। इसलिए पानी डालने से पहले मिट्टी की नमी जांचना जरूरी है।

सर्दियों में तुलसी के पत्ते काले क्यों हो जाते हैं

तुलसी को गर्म मौसम पसंद है। बहुत ज्यादा ठंड, पाला और लगातार गीली मिट्टी इसके लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं। पत्तों के काले पड़ने की कुछ प्रमुख वजहें हैं।

  • ठंडी हवा और पाला: रात में तापमान गिरने से पत्तियों की कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। इसका असर काले या भूरे धब्बों के रूप में दिखाई देता है। कई बार पत्तियां सिकुड़कर गिरने लगती हैं।
  • जरूरत से ज्यादा पानी: सर्दियों में मिट्टी देर से सूखती है। ऐसे में बार-बार पानी देने से जड़ों में सड़न हो सकती है। पौधे की पत्तियां पीली, काली और बेजान दिखने लगती हैं।
  • धूप की कमी: तुलसी को अच्छी धूप चाहिए। कोहरे और कम धूप के कारण पौधे की बढ़त धीमी हो सकती है। लगातार छांव में रखने से वह कमजोर पड़ने लगता है।
  • फंगल संक्रमण: पत्तियों पर लगातार नमी रहने और हवा का सही प्रवाह न होने से फंगल समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में पत्तों पर धब्बे दिखाई देते हैं और वे गिरने लगते हैं।

क्या काले पत्तों वाली तुलसी फिर से हरी हो सकती हैं

हां, ऐसा हो सकता है। लेकिन यह इस बात पर निर्भर करता है कि पौधे को कितना नुकसान पहुंचा है। अगर पत्तियां काली हो गई हैं, लेकिन तना अंदर से हरा और जड़ें स्वस्थ हैं, तो पौधे में दोबारा नई पत्तियां आ सकती हैं। हालांकि, जो पत्तियां पूरी तरह काली पड़ चुकी हैं, वे दोबारा हरी नहीं होंगी। उन्हें हटाना बेहतर है।

इसके लिए सबसे पहले सूखी और खराब पत्तियों को साफ कैंची से काट दें। पौधे की टहनियों को ध्यान से देखें। अगर तना भी काला और नरम हो गया है, तो जड़ों में सड़न की जांच करें। स्वस्थ जड़ें आमतौर पर मजबूत होती हैं, जबकि सड़ी हुई जड़ें भूरी या काली और नरम हो जाती हैं।

तुलसी को फिर से हरा-भरा कैसे रखें

  1. सुबह की धूप में रखें: सर्दियों में तुलसी को ऐसी जगह रखें जहां रोज 4-5 घंटे धूप आती हो। सुबह की धूप पौधे के लिए अच्छी रहती है। हालांकि, रात में बहुत ठंड पड़ने पर गमले को सुरक्षित जगह पर रख दें।
  2. मिट्टी देखकर पानी दें: सर्दियों में रोज पानी डालने की जरूरत नहीं होती। मिट्टी की ऊपरी एक इंच परत सूखी लगे, तभी पानी डालें। सुबह सामान्य तापमान वाले पानी का इस्तेमाल करें।
  3. ठंडी हवा और ओस से बचाएं: रात में पौधे को हल्के सूती कपड़े से ढक सकते हैं। बहुत ज्यादा ठंड होने पर गमले को ऐसी जगह रखें जहां पाला और सीधी ठंडी हवा न लगे। सुबह कपड़ा हटा दें।
  4. मिट्टी को हल्का और भुरभुरा रखें: तुलसी के गमले में पानी निकलने का रास्ता होना चाहिए। मिट्टी सख्त हो गई है तो ऊपर की परत को हल्के हाथों से ढीला करें। जरूरत पड़ने पर वर्मीकम्पोस्ट और रेत मिलाकर जल निकासी बेहतर करें।
  5. खाद कम मात्रा में डालें: सर्दियों में तुलसी की ग्रोथ धीमी रहती है। ऐसे में बार-बार खाद डालने से बचें। थोड़ी मात्रा में पुरानी गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट डालना पर्याप्त है।

कब समझें कि तुलसी का पौधा नहीं बचेगा

अगर पौधे की सभी टहनियां सूख चुकी हैं, तना नीचे से काला और नरम हो गया है और जड़ों में सड़न आ चुकी है, तो उसके बचने की संभावना कम हो जाती है। लेकिन अगर तने में थोड़ी भी हरियाली बाकी है, तो उसे संभलने का मौका दें।

याद रखें, सर्दियों में तुलसी को हरा-भरा रखने का सबसे आसान तरीका है कि इसे सही धूप और सीमित पानी मिले। साथ ही ठंडी हवा से बचाव भी रहे। पौधे की रोज थोड़ी देखभाल करें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी और खाद डालने से बचें।

End Article
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्...

End of Feed