Desi Parenting Tips: बच्चों की परवरिश की बात हो तो क्या आपको भी लगता है कि आज के पेरेंट्स कुछ ज्यादा ही परेशान रहते हैं? बच्चे ने खाना नहीं खाया तो टेंशन, मोबाइल ज्यादा देख लिया तो टेंशन और अपना काम खुद नहीं किया तो भी टेंशन! लेकिन एक जमाना था जब मम्मी-पापा और दादी-नानी बिना किसी पेरेंटिंग गाइड या ऑनलाइन क्लास के बच्चों को जिंदगी के छोटे-बड़े सबक सिखा देते थे।
सुबह उठकर अपना बिस्तर ठीक करना, घर के छोटे-मोटे कामों में हाथ बंटाना जैसी आदतें बच्चों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थीं। आज भले ही बच्चों के खिलौने स्मार्ट हो गए हों और पढ़ाई का तरीका बदल गया हो, लेकिन अच्छी परवरिश के कुछ पुराने फंडे आज भी सुपरहिट हैं। मजेदार बात यह है कि इन्हें अपनाने के लिए न पैसे खर्च करने हैं और न ही किसी खास ट्रेनिंग की जरूरत है। बस अपनी दिनचर्या में थोड़े देसी बदलाव करने हैं। देखें देसी पेरेंटिंग के वो नुस्खे जो आज भी काम के हैं।
1. अपना काम खुद करो
याद है बचपन में मम्मी कैसे कहती थीं कि खेलने के बाद खिलौने अपनी जगह पर रखो? स्कूल से आने के बाद बैग सही जगह रखो और अपनी किताबें खुद संभालो। उस समय ये बातें थोड़ी बोरिंग लगती थीं, लेकिन असल में यही छोटी आदतें जिम्मेदारी सिखाती थीं।
आज के पेरेंट्स भी बच्चों को उम्र के हिसाब से छोटे-छोटे काम दे सकते हैं। जैसे अपने जूते सही जगह रखना, खिलौने समेटना और स्कूल बैग तैयार करना। इससे बच्चा धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनना सीखता है। हर काम में उसकी मदद करने के बजाय उसे खुद कोशिश करने का मौका दें।
2. मोबाइल के बाहर दुनिया
पुराने जमाने में खाने की थाली के साथ पूरे परिवार की गपशप भी परोसी जाती थी। कोई स्कूल का किस्सा सुनाता था तो कोई दिनभर की मजेदार बात बताता था। आज वही डाइनिंग टेबल मोबाइल और टीवी के बीच कहीं खोती जा रही है।
एक देसी नियम दोबारा शुरू कीजिए। दिन में कम से कम एक बार पूरा परिवार साथ बैठकर खाना खाए। इस दौरान मोबाइल को दूर रखें। बच्चों से पूछें कि उनका दिन कैसा रहा और उनकी बातें ध्यान से सुनें। इससे परिवार के बीच बातचीत और अपनापन बढ़ सकता है।
3. सोने से पहले सब साथ
दादी-नानी की कहानियां सिर्फ टाइमपास नहीं होती थीं। राजा-रानी, चालाक लोमड़ी और समझदार खरगोश की कहानियों के जरिए बच्चे ईमानदारी, समझदारी और दूसरों की मदद करना सीखते थे।
आज आप भी सोने से पहले 10-15 मिनट बच्चों को कहानी सुना सकते हैं। जरूरी नहीं कि हर बार किताब ही पढ़ें। अपने बचपन के मजेदार किस्से सुनाएं या बच्चे से खुद कहानी बनाने को कहें। इससे उसकी कल्पनाशक्ति को बढ़ावा मिलेगा और आपके साथ उसका जुड़ाव भी मजबूत होगा।
बच्चों को अच्छी परवरिश देने के लिए हर पुरानी बात को अपनाना जरूरी नहीं है। लेकिन जो आदतें उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और आत्मनिर्भर बनाती हैं, उन्हें जरूर बचाकर रखना चाहिए।
