लाइफस्टाइल

फ्लैट में रहने वालों के लिए बेस्ट रेसिपी, बिना धूप के बनाएं बाजार जैसा आम का अचार

बिना धूप के बनाया गया यह अचार स्वाद में किसी भी पारंपरिक अचार से कम नहीं होता। तो यूं सही विधि और साफ-सफाई का ध्यान रखकर आप घर पर आसानी से लजीज आम का अचार तैयार कर सकते हैं।

Image

बिना धूप वाला आम का अचार इतना स्वादिष्ट बनेगा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे (Photo: Freepik)

Mango Pickle Recipe: गर्मियों में लोग आम का अचार लगाते हैं और साल भर खाते हैं। आम तौर पर अचार बनाने के लिए सबसे पहले कटे हुए आम को कई घंटों या कई दिनों तक धूप में सुखाया जाता है। लेकिन आजकल फ्लैट कल्चर, कम खुली जगह और अनिश्चित मौसम के कारण लोगों के लिए यह संभव नहीं हो पाता। अच्छी बात यह है कि बिना धूप में सुखाए भी स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला आम का अचार तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे

चुनें सही आम

अचार के लिए हमेशा कच्चे, सख्त और रेशे रहित कच्चे आम चुनें। आम पूरी तरह ताजा होने चाहिए और उनमें किसी तरह का दाग या सड़न नहीं होनी चाहिए। अच्छी क्वालिटी के कच्चे आम अचार के स्वाद और टिकाऊपन दोनों को बढ़ाते हैं।

बिना धूप कैसे सुखाएं आम

सबसे पहले आम को धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें। इसके बाद उसे मनचाहे आकार में काट लें। धूप में सुखाने की बजाय कटे हुए आम को एक साफ सूती कपड़े पर फैलाकर पंखे की हवा में 4-5 घंटे के लिए रख दें। इससे अतिरिक्त नमी निकल जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या आम के साथ दही खाना सही है?

नमक से निकालें नमी

कटे हुए आम में पर्याप्त मात्रा में नमक मिलाकर उसे किसी कांच या स्टील के बर्तन में 8 से 10 घंटे के लिए ढककर रख दें। नमक आम के भीतर की अतिरिक्त नमी को बाहर निकाल देता है। बाद में इस पानी को अलग कर दें। यह प्रक्रिया धूप में सुखाने का एक अच्छा विकल्प मानी जाती है।

माइक्रोवेव में सुखाएं आम

कटे हुए आम को एक बड़े से बाउल में रखकर आप इसे माइक्रोवेव में भी धीमी आंच पर सुखा सकते हैं। बहुत सी कंपनियां तो अपने माइक्रोवेव में अचार मोड भी दे रही हैं।

मसाले करें तैयार

अचार का असली स्वाद उसके मसालों में छिपा होता है। सरसों दाना, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर को हल्का भूनकर मोटा पीस लें। इन मसालों को आम के टुकड़ों में अच्छी तरह मिलाएं। मसालों की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है।

गर्म तेल का करें इस्तेमाल

सरसों के तेल को अच्छी तरह धुआं निकलने तक गर्म करें और फिर पूरी तरह ठंडा होने दें। अब इसे अचार में मिलाएं। तेल अचार को खराब होने से बचाता है और लंबे समय तक सुरक्षित रखता है।

साफ-सफाई रहे ध्यान

अचार बनाते समय इस्तेमाल होने वाले सभी बर्तन पूरी तरह सूखे होने चाहिए। नमी अचार को जल्दी खराब कर सकती है। तैयार अचार को हमेशा कांच की साफ और सूखी बोतल में ही रखें।

कुछ दिनों बाद आएगा असली स्वाद

अचार तैयार होने के बाद उसे 4-5 दिन तक कमरे के तापमान पर रखें। इस दौरान मसाले और तेल आम के भीतर अच्छी तरह समा जाते हैं। इसके बाद अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है।

बिना धूप के बनाया गया यह अचार स्वाद में किसी भी पारंपरिक अचार से कम नहीं होता। तो यूं सही विधि और साफ-सफाई का ध्यान रखकर आप घर पर आसानी से लजीज आम का अचार तैयार कर सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article