Poori Making Tips in Hindi: पूड़ी सब्जी शायद भारत में सबसे ज्यादा खाया जाने वाला पकवान है। शादी ब्याह हो या फिर घर पर छोटी मोटी दावत, खुशी का मौका हो या फिर तेरहवीं का भोजन, पूड़ियां जरूर तली जाती हैं। भारत में तीज त्योहारों पर भी पूड़ी जरूर बनती है। कई बार हम पूड़ी तलने के लिए कितना तेल लें, इस सवाल से परेशान रहते हैं। तो आइए जानते हैं कि पूड़ी तलने के लिए कितने तेल की जरूरत होती है।
कितने तेल में तल जाएगी 20 पूड़ी
आम तौर पर एक परिवार में 4 लोग हैं तो 20 पूड़ी से काम चल जाता है। अब सवाल ये है कि 20 पूड़ी के लिए कितना तेल या रिफाइंड इस्तेमाल करें। तो इसका जवाब ये है कि 20 पूड़ी तलने के लिए करीब आधे से एक लीटर तेल की जरूरत होगी। हालांकि खपत सिर्फ सौ-दौ सौ ग्राम की ही होती है। कोशिश करें कि कड़ाही में इतना तेल जरूर हो कि पूड़ी आराम से तैर सके। अगर तेल कम होगा, तो पूड़ी ठीक से फूलेगी नहीं और ज्यादा तेल सोख सकती है।
कैसी कढ़ाई में तलें पूड़ी
पूड़ियों के लिए तेल की खपत इस बात पर भी निर्भर करती है कि आपने जो कड़ाही चुनी है वो कितनी गहरी है। अगर आप छोटी और गहरी कढ़ाई का इस्तेमाल करते हैं लगभग आधा लीटर तेल में ही में काम हो जाएगा।
तलने के बाद बचे हुए तेल को छानकर रख लें। उसे अगली बार इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आप चाहते हैं कि पूरी कम तेल सोखे तो इसके लिए आप आटे में 1-2 चम्मच गरम तेल का मोयन डालें और आटा थोड़ा सख्त ही गूंधें।
पूड़ी तलने के लिए जरूरी टिप्स
आइए जानते हैं अच्छी पूड़ी बनाने के लिए और किन जरूरी बातों का ध्यान रखें:
- पूड़ी तलने से पहले तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए। अगर तेल कम गर्म होगा, तो पूड़ी तेल सोखने लगेगी। वहीं बहुत ज्यादा गर्म तेल पूड़ी को बाहर से जला देता है और अंदर से कच्चा ही रह जाता है। तेल चेक करने के लिए आटे का छोटा टुकड़ा डालें। अगर वह तुरंत ऊपर आ जाए तो समझ लें तेल पूड़ियां तलने के लिए तैयार है।
- मध्यम मोटाई की पूड़ी सबसे अच्छी फूलती है। बहुत पतली पूड़ी कुरकुरी हो सकती है लेकिन फूलती कम है, जबकि बहुत मोटी पूड़ी अंदर से कच्ची रह सकती है।
- जब पूड़ी तेल में डालें, तो हल्के हाथ से कलछी से उसे दबाएं। इससे पूड़ी जल्दी फूलने लगती है।
- कड़ाही में एक साथ बहुत सारी पूड़ी डालने से तेल का तापमान कम हो जाता है। इससे पूड़ी ज्यादा तेल पी सकती है। बेहतर है कि 1-2 पूड़ी ही एक बार में तली जाएं।
- पूड़ी तलने के लिए रिफाइंड ऑयल, मूंगफली तेल या सरसों का तेल इस्तेमाल किया जा सकता है। कई लोग स्वाद के लिए देसी घी भी इस्तेमाल करते हैं।
Read Also: बिना तेल आम का अचार बनाने की रेसिपी
इन बातों का रखें ध्यान
पूड़ी तलने के लिए बार-बार एक ही तेल को बहुत ज्यादा गर्म न करें। कोशिश करें कि जला हुआ तेल इस्तेमाल न करें। तलने के बाद पूड़ी को टिशू पेपर पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
