गर्मियों का मौसम आते ही आम और दही दोनों ही लोगों की थाली का हिस्सा बन जाते हैं। एक तरफ रसीला और मीठा आम स्वाद का राजा माना जाता है, तो दूसरी तरफ दही शरीर को ठंडक पहुंचाने वाला और पाचन के लिए फायदेमंद आहार माना जाता है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि क्या आम और दही को एक साथ खाना सही है या नहीं?
आम और दही का साथ नया नहीं है
भारतीय खानपान में आम और दही का मेल सदियों से मौजूद है। आमरस के साथ दही, मैंगो लस्सी, मैंगो योगर्ट और कई तरह की मिठाइयों में इन दोनों का उपयोग किया जाता है। इससे यह साफ है कि सामान्य परिस्थितियों में आम और दही को साथ खाना सुरक्षित माना जाता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के अनुसार आम में विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर और नेचुरल शुगर होती है, जबकि दही प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स का अच्छा स्रोत है। जब इन्हें संतुलित मात्रा में खाया जाता है, तो शरीर को कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व मिलते हैं।
दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करते हैं, जबकि आम ऊर्जा और ताजगी प्रदान करता है। यही कारण है कि मैंगो लस्सी जैसे ड्रिंक्स गर्मियों में काफी लोकप्रिय हैं।
Read Also: घर पर 15 मिनट में जमाएं बाजार जैसी गाढ़ी दही
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
हालांकि यह कॉम्बिनेशन ज्यादातर लोगों के लिए सुरक्षित है, लेकिन कुछ लोगों को इसे खाते समय सावधानी बरतनी चाहिए। जिन लोगों का पाचन तंत्र कमजोर है या जिन्हें बार-बार गैस, एसिडिटी या पेट फूलने की समस्या रहती है, वे एक साथ अधिक मात्रा में आम और दही खाने से असहज महसूस कर सकते हैं। इसके अलावा बहुत ज्यादा मीठे आम के साथ अधिक मात्रा में मीठी दही खाने से कैलोरी और शुगर की मात्रा बढ़ सकती है।
आयुर्वेद की क्या राय है?
आयुर्वेद के कुछ विशेषज्ञ आम व दही के संयोजन को लेकर अलग-अलग राय रखते हैं। हालांकि आधुनिक पोषण विज्ञान में इस बात के ठोस प्रमाण नहीं हैं कि सामान्य मात्रा में आम और दही साथ खाने से किसी स्वस्थ व्यक्ति को नुकसान होता है।
आम और दही के कॉम्बिनेशन में पोषण भी है और स्वाद भी। क्योंकि गर्मियों में एक कटोरी दही के साथ ताजा आम या मैंगो लस्सी स्वाद तो बढ़ाती ही है, शरीर को ठंडा और स्व्स्थ्य भी रखती है।
