लाइफस्टाइल

सूख रहे स्नेक प्लांट में आ जाएगी जान, गमले में डालकर देखें रसोई का ये समान

Snake Plant Care tips: अगर आपका स्नेक प्लांट मुरझाया हुआ नजर आ रहा है, तो रसोई में बची हुई चायपत्ती को फेंकने के बजाय पौधे के लिए प्राकृतिक खाद के रूप में इस्तेमाल करके देख सकते हैं।

Image

स्नेक प्लांट में चायपत्ती डालने से क्या होता है (Photo: iStock)

Snake Plant Care tips: स्नेक प्लांट उन इनडोर प्लांट्स में शामिल है जो कम देखभाल में भी आसानी से बढ़ जाते हैं। यही वजह है कि यह घरों और ऑफिसों में खूब पसंद किया जाता है। लेकिन कई बार जरूरत से ज्यादा पानी, खराब मिट्टी या पोषक तत्वों की कमी के कारण इसका विकास रुक जाता है। पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधा धीरे-धीरे सूखने लगता है। ऐसे में आपकी रसोई में मौजूद एक साधारण चीज इस पौधे को फिर से हरा-भरा बनाने में मदद कर सकती है।

पौधे में डालें चायपत्ती

इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को लोग कूड़े में फेंक देते हैं। उन्हें शायद पता नहीं है कि यह पौधों के लिए प्राकृतिक खाद का काम कर सकती है। चायपत्ती में नाइट्रोजन और कई सूक्ष्म पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में मदद करते हैं। स्नेक प्लांट की जड़ों को भी इससे पोषण मिलता है।

कैसे करें इस्तेमाल?

सबसे पहले इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को अच्छी तरह पानी से धो लें, ताकि उसमें मौजूद चीनी या दूध पूरी तरह निकल जाए। इसके बाद इसे धूप में सुखा लें। सूखने के बाद एक से दो चम्मच चायपत्ती को गमले की ऊपरी मिट्टी में हल्के हाथों से मिला दें। इसके बाद थोड़ा पानी डाल दें।

ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा मात्रा में चायपत्ती डालने से मिट्टी में फफूंदी लग सकती है, इसलिए सीमित मात्रा में ही इसका उपयोग करें।

पौधे को मिलते हैं कई फायदे

चायपत्ती मिट्टी की नमी बनाए रखने में मदद करती है और उसमें जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ाती है। इससे जड़ों का विकास बेहतर होता है और पौधे की पत्तियां अधिक चमकदार दिखाई देने लगती हैं। नियमित अंतराल पर इसका इस्तेमाल करने से स्नेक प्लांट की बढ़वार में भी सुधार देखा जा सकता है।

इन बातों का भी रखें ध्यान

सिर्फ खाद डालना ही पर्याप्त नहीं है। स्नेक प्लांट को स्वस्थ रखने के लिए जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचें। यह पौधा कम पानी में भी अच्छी तरह बढ़ता है। इसके अलावा इसे ऐसी जगह रखें जहां अप्रत्यक्ष धूप मिलती हो। गमले की मिट्टी में पानी निकासी की उचित व्यवस्था भी होनी चाहिए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पौधों को पानी देते समय भूलकर भी ना करें ये गलती

तो अगर आपका स्नेक प्लांट मुरझाया हुआ नजर आ रहा है, तो रसोई में बची हुई चायपत्ती को फेंकने के बजाय पौधे के लिए प्राकृतिक खाद के रूप में इस्तेमाल करके देख सकते हैं। थोड़ी देखभाल और सही पोषण से आपका पौधा फिर से हरा-भरा और आकर्षक दिखाई दे सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article