Plant Care Tips for Summers: झुलसा देने वाली गर्मी से ना सिर्फ इंसान परेशना है, बल्कि लू के थपेड़ों ने पौधों को भी हालत खराब कर दी है। चिलचिलाती धूप, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान पौधों की नमी तेजी से खींच ले रहे हैं। इस मौमस में पौधों को बचाने के लिए लोग भरसक प्रयास करते है। लेकिन कई बार उनकी कोशिश का असर उल्टा पड़ जाता है। दरअसल कुछ लोग सोचते हैं कि गर्मी में ज्यादा पानी देना पौधों के लिए फायदेमंद होगा, लेकिन गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के अनुसार यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है।
दोपहर में ना दें पानी
कई लोग दोपहर की तेज धूप में पौधों को पानी दे देते हैं। देखने में यह सामान्य बात लग सकती है, लेकिन इससे पौधों को नुकसान पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म मिट्टी पर अचानक ठंडा पानी डालने से जड़ों पर दबाव पड़ता है और कई बार पौधों की ग्रोथ प्रभावित होने लगती है।
दोपहर में पानी देने पर उसका बड़ा हिस्सा धूप में जल्दी भाप बनकर उड़ जाता है और पौधों को पर्याप्त नमी नहीं मिल पाती।
गर्मी में पौधों को कब देना चाहिए पानी?
गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक पौधों को पानी देने का सबसे सही समय सुबह जल्दी या शाम को माना जाता है। इस समय तापमान अपेक्षाकृत कम होता है, जिससे मिट्टी पानी को बेहतर तरीके से सोख पाती है।
Read Also: मनी प्लांट की ग्रोथ रुक गई है तो क्या करें?
जरूरत से ज्यादा पानी भी है नुकसानदायक
लोग यह मान लेते हैं कि गर्मियों में पौधों को जितना ज्यादा पानी मिलेगा, वे उतने स्वस्थ रहेंगे। लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देने से मिट्टी में हवा की जगह कम हो जाती है और जड़ें कमजोर पड़ने लगती हैं। इसके कारण पौधों की पत्तियां पीली पड़ सकती हैं और कई बार फंगस भी लगने लगती है।
पत्तियों पर पानी डालते समय रखें ध्यान
तेज धूप में पत्तियों पर पानी डालना भी सही नहीं माना जाता। कई विशेषज्ञों का कहना है कि धूप में पानी की बूंदें लेंस की तरह काम कर सकती हैं, जिससे पत्तियां झुलसने लगती हैं। बेहतर है कि पानी सीधे मिट्टी में दिया जाए ताकि जड़ों तक नमी पहुंचे।
गर्मी में पौधों को बचाने के लिए क्या करें
गर्मियों में मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग काफी फायदेमंद मानी जाती है। सूखी पत्तियां, नारियल का बुरादा या घास मिट्टी के ऊपर बिछाने से पानी जल्दी सूखता नहीं है। इससे पौधों को लंबे समय तक नमी मिलती रहती है।
हर पौधे की जरूरत अलग होती है
सभी पौधों को एक जैसा पानी नहीं चाहिए होता। कुछ पौधे कम पानी में भी अच्छे रहते हैं, जबकि कुछ को ज्यादा नमी की जरूरत होती है। इसलिए पौधों की किस्म के अनुसार पानी देना जरूरी है।
गर्मियों में सही समय और सही मात्रा में पानी देना ही पौधों को हरा-भरा और स्वस्थ बनाए रखने का सबसे आसान तरीका माना जाता है।
