Shah Rukh Khan Fashion: बॉलीवुड में कई सितारे आए और गए, लेकिन कुछ ऐसे हैं जिनका अंदाज समय के साथ और भी खास होता गया। शाहरुख खान उन्हीं में से एक हैं। कभी खुले बालों और रंगीन शर्ट में रोमांस करते राज बने, तो कभी लेदर की जैकेट पहनकर तो कभी शर्टलेस पर्दे पर दमदार एंट्री लेने वाले एक्शन हीरो। यही वजह है कि उनके कई फिल्मी लुक्स और आइकॉनिक लुक्स आज भी युवाओं के फैशन इंस्पिरेशन बने हुए हैं। तीन दशकों से ज्यादा के करियर में शाहरुख ने कॉलेज बॉय, रोमांटिक हीरो से लेकर रॉयल और क्लासी सुपरस्टार तक का सफर तय किया है। आज उनके 61वें जन्मदिन के मौके पर देखते हैं उनके तीन ऐसे आइकॉनिक लुक्स, जिन्होंने बॉलीवुड के फैशन गेम को एक नया अंदाज दिया।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 61 साल के हुए किंग खान, उनकी फिल्मों के ये 7 डायलॉग्स सिखाते हैं जिंदगी में कभी हार न मानना
DDLJ का राज: रोमांस के साथ कैजुअल फैशन का जादू
1995 में आई फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे ने शाहरुख खान को रोमांस का नया चेहरा बना दिया। फिल्म में राज का अंदाज सिर्फ उसकी प्रेम कहानी के कारण यादगार नहीं बना, बल्कि उसके कपड़ों ने भी फैंस को दीवाना बना दिया था।
ब्लैक लेदर जैकेट, सफेद शर्ट, जींस और कैजुअल स्वेटर वाला उनका स्टाइल उस दौर के कॉलेज युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। खास बात यह थी कि इस लुक को अपनाने के लिए किसी भारी-भरकम स्टाइलिंग की जरूरत नहीं थी। अगर आपको भी राज जैसा लुक चाहिए तो बेसिक जींस, सफेद टी-शर्ट और एक अच्छी लेदर जैकेट को अपनी अलमारी में जगह दें।
कभी खुशी कभी गम का राहुल: लग्जरी और रॉयल स्टाइल
साल 2001 में आई फिल्म कभी खुशी कभी गम में शाहरुख का राहुल रायचंद वाला अंदाज फैशन के मामले में बिल्कुल अलग था। यहां वह एक ऐसे शख्स के रूप में नजर आए, जिसके कपड़ों में क्लास, लग्जरी की झलक थी।
फिटेड सूट, शानदार शर्ट, गहरे रंगों के कपड़े और सलीकेदार हेयरस्टाइल ने उनके लुक को बेहद क्लासिक बनाया। इस फिल्म ने दिखाया कि पुरुषों का फॉर्मल फैशन भी स्टाइलिश और एक्सप्रेसिव हो सकता है। न केवल फॉर्मल फैशन बल्कि शाहरुख के K3G वाले कुर्ता पजामा लुक्स भी आज तक वायरल हैं।
पठान का लुक: फिटनेस, स्वैग और मॉडर्न मर्दाना स्टाइल
साल 2023 में फिल्म पठान के साथ शाहरुख खान ने अपने फैशन का एक नया रूप दिखाया। लंबे बाल, फिटेड कपड़े, ब्लैक जैकेट और दमदार बॉडी लैंग्वेज ने उनके एक्शन हीरो वाले अंदाज को अलग पहचान दी।
इस लुक की सबसे खास बात इसका कॉन्फिडेंस था। शाहरुख ने दिखाया कि उम्र फैशन और स्टाइल के रास्ते में रुकावट नहीं बनती। सही फिटिंग, ग्रूमिंग और अपने शरीर के अनुसार कपड़े चुनकर किसी भी उम्र में शानदार दिखा जा सकता है।
