Salad packing Tips in Hindi: बहुत से लोग सलाद के शौकीन होते हैं। वो टिफिन में भी सलाद ले जाना नहीं भूलते। गर्मियों के मौसम में तो सलाद सेहत के लिए बहुत फायदेमंद साबित होता है। खीरा, टमाटर, गाजर और पत्तेदार सब्जियों से बना सलाद शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ पोषण भी देता है। लेकिन क्या हो अगर आप ऑफिस पहुंच कर टिफिन खोलें और सलाद खाने लायक ही ना बचें।
जी हां, बहुत से लोग सलाद पैक करने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं कि सलाद खराब हो जाता है। तो अगर आप भी सलाद के शौकीन हैं तो टिफिन में पैक करते समय जरूर रखें इन बातों का ध्यान:
सलाद को देर तक ताजा कैसे रखें (How to keep Salad fressh for long time)
काटने के बाद तुरंत ना पैक करें सलाद
बहुत से लोग सुबह जल्दी में सलाद काटकर तुरंत डिब्बे में बंद कर देते हैं। इससे सब्जियां अपनी नमी छोड़ने लगती हैं और कुछ समय बाद सलाद गीला व नरम हो जाता है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सलाद को पूरी तरह सुखाकर पैक करना बेहतर होता है। अगर पत्तियों या सब्जियों पर पानी रह जाए, तो वे जल्दी खराब हो सकती हैं।
पैक करते वक्त ना डालें नींबू या नमक
एक बड़ी गलती यह भी होती है कि लोग सलाद में नमक, नींबू या फिर कुछ और पहले ही मिला देते हैं। इससे सब्जियां पानी छोड़ने लगती हैं और उनका क्रंच खत्म हो जाता है। बेहतर है कि ड्रेसिंग को अलग छोटे कंटेनर में रखें और खाने से ठीक पहले मिलाएं। इससे सलाद लंबे समय तक ताजा बना रहता है।
चुनें सही टिफिन
सलाद को लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करना फायदेमंद माना जाता है। इससे बाहर की गर्म हवा अंदर नहीं जाती और सलाद की ताजगी बनी रहती है। अगर संभव हो, तो कांच या अच्छे क्वालिटी वाले BPA-free कंटेनर का इस्तेमाल करना बेहतर होता है।
पेपर टॉवल का करें इस्तेमाल
कई लोग सलाद पैक करते समय पेपर टॉवल यूज करते हैं। कंटेनर में पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी सोख लेता है। इससे पत्तेदार सब्जियां ज्यादा समय तक ताजा बनी रह सकती हैं और सलाद का स्वाद भी नहीं होगा खराब
सलाद में कौन सी चीजें जल्दी खराब होती हैं?
टमाटर, खीरा और तरबूज जैसी पानी वाली चीजें जल्दी नमी छोड़ती हैं। इसलिए इन्हें बाकी सूखी सब्जियों से अलग रखना बेहतर माना जाता है। अगर सलाद में फल शामिल कर रहे हैं, तो उन्हें भी अलग हिस्से में रखें ताकि पूरी सामग्री जल्दी खराब न हो।
सलाद हेल्दी जरूर होता है, लेकिन सही तरीके से पैक न किया जाए तो उसका स्वाद और पोषण दोनों प्रभावित हो सकते हैं। अगर आप सही कंटेनर, सूखी सब्जियां और अलग ड्रेसिंग जैसी छोटी बातों का ध्यान रखें, तो आपका सलाद घंटों तक ताजा और स्वादिष्ट बना रह सकता है।
