लाइफस्टाइल

प्रेग्नेंसी प्लान करने वाले कपल्स को Jackie Shroff ने दी सलाह, होने वाले माता-पिता जरूर कराएं खून की ये जांच

Jackie Shroff Advice For Couples: प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले थैलेसीमिया टेस्ट क्यों जरूरी है? हाल ही में एक्टर जैकी श्रॉफ ने कपल्स के लिए इस खून की जांच को जरूरी बताया है। जानिए एक्टर ने क्यों दी ये सलाह।

Image

अगर आप भी प्रेग्नेंसी प्लान कर रहे हैं तो एक्टर की सलाह जरूर मानें।

Jackie Shroff Advice For Couples: जब कोई कपल माता-पिता बनने की तैयारी करता है, तो उसके मन में बच्चे के भविष्य को लेकर कई सपने होते हैं। हर कोई चाहता है कि उसका बच्चा स्वस्थ और खुशहाल जीवन जिए। लेकिन कई बार एक छोटी सी जांच भविष्य की बड़ी परेशानियों से बचा सकती है। हाल ही में एक्टर जैकी श्रॉफ ने भी लोगों से ऐसी ही एक जरूरी जांच करवाने की अपील की है। उनका कहना है कि बच्चा प्लान करने से पहले पति-पत्नी दोनों को थैलेसीमिया की जांच (thalassemia blood test) जरूर करानी चाहिए। यह एक साधारण खून की जांच होती है, लेकिन इससे बच्चे की सेहत से जुड़ी अहम जानकारी मिल सकती है। यही वजह है कि डॉक्टर भी शादी या प्रेग्नेंसी की प्लानिंग के दौरान इस टेस्ट को जरूरी मानते हैं।

आखिर थैलेसीमिया क्या होता है

थैलेसीमिया खून से जुड़ी एक ऐसी समस्या है जो माता-पिता से बच्चों तक पहुंच सकती है। इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को अक्सर खून की कमी हो जाती है और कई मामलों में उन्हें बार-बार खून चढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है। यह परेशानी जन्म के बाद पता चलती है, लेकिन इसकी जांच पहले ही करवाई जा सकती है।

जैकी श्रॉफ ने क्यों दी यह सलाह

जैकी श्रॉफ ने कहा "बच्चा पैदा करने से पहले, अपने खून को तपस लेना... खाली ब्लड टेस्ट कराने का। दोनों को माइनर होगा तो बच्चा मेजर पैदा होता है। तो आप लोग बहुत ध्यान रखो।" उनका सीधे तौर पर कहना है कि बच्चा प्लान करने से पहले थोड़ा ध्यान रखें और जरूरी जांच जरूर करवाएं। उनका मानना है कि जागरूकता से कई परिवारों को मुश्किलों से बचाया जा सकता है। अगर समय रहते जांच हो जाए तो कपल्स को अपनी और अपने होने वाले बच्चे की सेहत के बारे में सही जानकारी मिल सकती है।

स्वस्थ दिखने वाले लोग भी हो सकते हैं प्रभावित

सबसे जरूरी बात यह है कि कई लोगों को खुद नहीं पता होता कि उनके खून में यह समस्या छिपी हुई है। वे पूरी तरह स्वस्थ दिखते हैं, उन्हें कोई परेशानी भी नहीं होती, लेकिन फिर भी यह स्थिति उनके बच्चों तक पहुंच सकती है। इसलिए सिर्फ अच्छा महसूस करना काफी नहीं है, जांच कराना भी जरूरी है।

प्रेग्नेंसी से पहले टेस्ट क्यों जरूरी माना जाता है

डॉक्टरों के मुताबिक, अगर पति और पत्नी दोनों के खून में यह समस्या मौजूद हो, तो बच्चे को गंभीर दिक्कत होने का खतरा बढ़ सकता है। यही कारण है कि परिवार बढ़ाने की योजना बनाने से पहले यह टेस्ट कराने की सलाह दी जाती है। यह एक छोटा सा कदम है, लेकिन भविष्य में बड़े फैसले लेने में मदद कर सकता है।

जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

आज भी बहुत से लोग थैलेसीमिया के बारे में नहीं जानते। इसी वजह से समय पर जांच नहीं हो पाती। विशेषज्ञों का कहना है कि जितनी जल्दी लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, उतनी ही आसानी से इस समस्या से बचाव किया जा सकेगा। प्रेग्नेंसी की तैयारी कर रहे कपल्स के लिए यह जांच एक जिम्मेदार और समझदारी भरा कदम माना जाता है।

गांठ बांध लें ये बात

माता-पिता बनना जिंदगी का खूबसूरत अनुभव है और हर कोई चाहता है कि उसका बच्चा स्वस्थ रहे। ऐसे में प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले थैलेसीमिया की जांच करवा लेना एक छोटी लेकिन बेहद जरूरी सावधानी हो सकती है। जैकी श्रॉफ का संदेश भी यही है कि थोड़ी सी जागरूकता और समय पर किया गया टेस्ट आने वाले बच्चे के बेहतर भविष्य में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article