PM Modi Recommends 10 Desi Drinks For Hydration: गर्मी बढ़ते ही सबसे बड़ी चिंता होती है शरीर में पानी की कमी न होने देना। तेज धूप, पसीना और गर्म हवाएं कई बार शरीर को जल्दी थका देती हैं। ऐसे में लोग महंगे कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेट वाले पेय पदार्थों की तरफ भागते हैं, जबकि हमारे घरों और गांवों में सालों से ऐसे देसी ड्रिंक्स पिए जाते रहे हैं जो गर्मी से राहत देने के साथ शरीर को तरोताजा भी रखते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'मन की बात' के 134वें एपिसोड में लोगों को गर्मी के मौसम में ऐसे ही पारंपरिक भारतीय ड्रिंक अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ये ड्रिंक्स सिर्फ प्यास बुझाने का काम नहीं करते, बल्कि हमारी पुरानी खानपान परंपरा का भी अहम हिस्सा हैं। आइए जानते हैं उन देसी ड्रिंक्स के बारे में जिन्हें गर्मियों में खास तौर पर फायदेमंद माना जाता है।
छाछ
गर्मी के दिनों में खाने के बाद एक गिलास छाछ मिल जाए तो मजा ही आ जाता है। छाछ पेट को हल्का महसूस कराती है और शरीर को ठंडक देने में मदद करती है। यही वजह है कि इसे भारत के कई हिस्सों में रोजाना पिया जाता है।
लस्सी
दही से बनी लस्सी पंजाब समेत पूरे उत्तर भारत में काफी लोकप्रिय है। गर्मी में ठंडी लस्सी पीने से शरीर को राहत मिलती है और लंबे समय तक तरोताजा महसूस होता है। मीठी हो या नमकीन, दोनों तरह की लस्सी लोगों को पसंद आती है।
सत्तू शरबत
बिहार और झारखंड में सत्तू का शरबत गर्मियों का पसंदीदा पेय है। भुने हुए चने से तैयार सत्तू शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है। यही वजह है कि मजदूरों से लेकर ऑफिस जाने वाले लोग भी इसे पसंद करते हैं।
आम पन्ना
कच्चे आम से बनने वाला आम पन्ना गर्मियों का सबसे लोकप्रिय पेय माना जाता है। इसका खट्टा-मीठा स्वाद न सिर्फ ताजगी देता है बल्कि गर्मी से परेशान शरीर को भी राहत पहुंचाता है। गांव से लेकर शहर तक लोग इसे खूब पसंद करते हैं।
बेल का शरबत
बेल का फल गर्मियों में खूब मिलता है। इससे बनने वाला शरबत शरीर को ठंडा रखने के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है। कई लोग इसे गर्मी से राहत पाने के लिए नियमित रूप से पीते हैं।
कोकम शरबत
महाराष्ट्र और गोवा जैसे राज्यों में कोकम शरबत काफी लोकप्रिय है। इसका स्वाद थोड़ा अलग होता है, लेकिन गर्मी में यह काफी ताजगी देता है। वहां के लोग इसे गर्म मौसम का बेहतरीन साथी मानते हैं।
सांबरम
सांबरम केरल में पी जाने वाली एक खास तरह की मसालेदार छाछ है। गर्मी और उमस भरे मौसम में यह लोगों को ताजगी और ठंडक का एहसास कराती है।
सोल कढ़ी
सोल कढ़ी कोकम और नारियल के दूध से बनाई जाती है। यह पश्चिमी तटीय इलाकों का पारंपरिक पेय है। खाने के साथ या बाद में इसे पीना काफी पसंद किया जाता है।
पनाकम
पनाकम दक्षिण भारत में काफी लोकप्रिय है। इसे गुड़, पानी और कुछ मसालों की मदद से तैयार किया जाता है। गर्मियों में यह शरीर को तरोताजा रखने का काम करता है।
नीर मोर
नीर मोर को दक्षिण भारत की मसाला छाछ भी कहा जाता है। इसमें दही, पानी और कुछ पारंपरिक मसाले मिलाए जाते हैं। गर्म मौसम में इसे पीने से काफी राहत महसूस होती है।
क्यों खास हैं ये देसी ड्रिंक्स
पीएम मोदी ने इन पारंपरिक ड्रिंक्स का जिक्र करते हुए बताया कि ये सिर्फ ड्रिंक्स नहीं हैं, बल्कि भारत की समृद्ध खानपान परंपरा का हिस्सा हैं। इनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये स्थानीय चीजों से तैयार होते हैं, आसानी से उपलब्ध हैं और गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाते हैं। अगर आप भी इस बार गर्मी में खुद को तरोताजा रखना चाहते हैं, तो इन देसी ड्रिंक्स को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं।
