रोजाना खाना बनाते समय सबसे ज्यादा समय अगर किसी एक चीज में लगता है, तो वह है प्याज छीलना और काटना। इतना ही नहीं, प्याज काटते समय आंखों से आंसू भी आने लगते हैं। ऐसे में अब कई लोग अपनी रसोई में Onion Powder का इस्तेमाल करने लगे हैं। यह एक ऐसा मसाला है जो खाने में प्याज जैसा स्वाद देता है और कई रेसिपी में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
विदेशों में यह काफी समय से पॉपुलर है, सैंडविच, पास्ता से लेकर कई डिशेज में ऑनियन पाउडर ही यूज किया जाता है। और अब भारत में भी इसकी मांग बढ़ रही है। अगर आपने अभी तक Onion Powder के बारे में नहीं सुना है, तो यहां पढ़ें क्या होता है प्याज का पाउडर, कैसे बनता है और इसे घर पर कैसे तैयार किया जा सकता है।
क्या होता है Onion Powder?
Onion Powder सूखे हुए प्याज को बारीक पीसकर बनाया जाता है। पहले प्याज की नमी पूरी तरह निकाल दी जाती है, फिर उसे पीसकर महीन पाउडर तैयार किया जाता है। इसका स्वाद हल्का मीठा और प्याज जैसा होता है। इसे ग्रेवी, सूप, सॉस, स्नैक्स, मसाला मिक्स और मैरिनेशन में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
1 किलो Onion Powder बनाने में कितना प्याज लगता है?
प्याज में लगभग 85 से 90 प्रतिशत तक पानी होता है। सुखाने के बाद इसका वजन काफी कम हो जाता है। यही वजह है कि 1 किलो Onion Powder तैयार करने के लिए लगभग 8 से 10 किलो ताजा प्याज की जरूरत पड़ सकती है। प्याज की किस्म और सुखाने के तरीके के अनुसार यह मात्रा थोड़ी कम या ज्यादा हो सकती है।
घर पर कैसे बनाएं Onion Powder?
घर पर Onion Powder बनाना मुश्किल नहीं है। सबसे पहले प्याज को छीलकर पतले-पतले स्लाइस में काट लें। इन्हें धूप में 2–3 दिन अच्छी तरह सुखाएं या फिर कम तापमान पर ओवन या फूड डिहाइड्रेटर में पूरी तरह सूखा लें। जब प्याज पूरी तरह कुरकुरा हो जाए, तो मिक्सर में पीसकर महीन पाउडर बना लें। इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें।
कैसे करें इस्तेमाल?
अगर किसी सब्जी, सूप, पास्ता, सैंडविच, डिप, पॉपकॉर्न, फ्रेंच फ्राइज या मैरिनेशन में हल्का प्याज का स्वाद चाहिए, तो एक से दो चम्मच Onion Powder काफी होता है। यह खासकर उन रेसिपी में काम आता है, जहां ताजा प्याज डालना संभव नहीं होता।
मार्केट में कितनी होती है कीमत?
ऑनियन पाउडर की कीमत ब्रांड और गुणवत्ता पर निर्भर करती है। आमतौर पर 100 ग्राम Onion Powder 80 से 200 रुपये के बीच मिल जाता है। ऑर्गेनिक या प्रीमियम ब्रांड की कीमत इससे अधिक भी हो सकती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Hmm, अच्छा, ठीक है.. कहीं आपका रिश्ता भी Dry Texting का शिकार तो नहीं?
क्यों बन रहा है किचन का नया फेवरेट?
Onion Powder लंबे समय तक खराब नहीं होता, जल्दी इस्तेमाल किया जा सकता है और प्याज काटने का झंझट भी खत्म कर देता है। हालांकि, इसका स्वाद ताजे प्याज जैसा पूरी तरह नहीं होता, इसलिए रोजमर्रा की सब्जियों में ताजा प्याज की जगह इसे पूरी तरह इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। लेकिन जल्दी बनने वाली रेसिपी और स्नैक्स के लिए यह एक सुविधाजनक विकल्प जरूर है।
