फर्ज कीजिए कि, कभी आपने किसी को दिल खोलकर एक लंबा सा मैसेज लिखकर भेजा हो। लेकिन सामने से बतौर जवाब सिर्फ हम्म, ओके, ठीक है या फिर एक फीका-सा इमोजी मिला हो.. ऐसे जवाब देखकर बेशक मन को ठेस पहुंचती है। इस स्थिति में मन सोचने पर मजबूर हो जाता है कि, क्या सामने वाला अब आपसे पहले जैसी दिलचस्पी के साथ बात नहीं करना चाहता। आज के दौर में रिश्ते सिर्फ मुलाकातों से नहीं, बल्कि चैट विंडो में होने वाली बातचीत से भी मजबूत बनते हैं। ऐसे में जब हर बातचीत एक या दो शब्दों में खत्म होने लगे, तो रिश्ते की गर्माहट और उत्साह धीरे-धीरे कम होने लगता है।
Texting Psychology
कई बार यह छोटी-सी आदत बड़े कम्युनिकेशन गैप और इमोशनल दूरी की वजह भी बन जाती है। इसी को Dry Texting कहा जाता है। यानी ऐसी टेक्स्टिंग, जिसमें न अपनापन झलकता है, न बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिश होती है और न ही सामने वाले की बातों में खास दिलचस्पी दिखाई देती है। यह कोई बीमारी नहीं है, लेकिन अगर लंबे समय तक ऐसा चलता रहे, तो रिश्ते का स्पार्क फीका पड़ सकता है। आखिर Dry Texting क्या है, इसके संकेत कैसे पहचानें और कब यह रिश्ते के लिए रेड फ्लैग बन जाता है? आइए जानते हैं।
क्या होता है Dry Texting?
Dry Texting यानी ऐसी चैट, जिसमें बातचीत तो होती है, लेकिन उसमें भावनाएं, उत्साह और अपनापन नजर नहीं आता। सामने वाला अक्सर हम्म, ओके, ठीक है या एक-दो शब्दों में जवाब देकर बात खत्म कर देता है। वह बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए न कोई सवाल पूछता है और न ही दिलचस्पी दिखाता है। ऐसे में चैट एकतरफा लगने लगती है और सामने वाले के मन की बात समझना मुश्किल हो जाता है। यह आदत दोस्ती, रोमांटिक रिलेशन, शादीशुदा जीवन या परिवार, किसी भी रिश्ते में देखने को मिल सकती है और धीरे-धीरे इमोशनल गैप बढ़ा सकती है।
Dry Texting Meaning
हालांकि कई लोग मान लेते हैं कि छोटा जवाब मतलब सामने वाला अब प्यार नहीं करता। लेकिन यह समझना जरूरी है कि, ऐसा हमेशा नहीं होता। हो सकता है कि वह व्यक्ति ऑफिस के काम में व्यस्त हो, मानसिक तनाव में हो, थका हुआ हो या फिर चैटिंग में बहुत अच्छा न हो। इसलिए सिर्फ एक-दो मैसेज देखकर किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं है। ऐसे में ड्राय टेक्स्टिंग कब हो रही है, इसकी स्थिति को अच्छे से समझना जरूरी है।
कब बन जाता है चिंता की बात?
अगर कई दिनों या हफ्तों तक यही सिलसिला चलता रहे, सामने वाला बातचीत शुरू न करे, आपकी बातों में रुचि न दिखाए और हमेशा जल्दी चैट खत्म करने की कोशिश करे, तब यह रिश्ते में दूरी का संकेत हो सकता है। ऐसे समय पर खुलकर बात करना जरूरी होता है। नहीं तो इस प्रकार के रिश्ते आगे चलकर मन पर बोझ जैसे बन जाते हैं। खासतौर से उस व्यक्ति के लिए जो बातचीत को आगे बढ़ाना चाहता है।
Dry Texting Effect on Relationship
रिश्ते पर क्या असर पड़ सकता है?
जब एक व्यक्ति पूरे मन से बात करना चाहता है और दूसरा सिर्फ फॉर्मल या बेमन से जवाब देता है, तो धीरे-धीरे रिश्तों में निराशा बढ़ने लगती है। कई बार लोग खुद को नजरअंदाज महसूस करने लगते हैं। छोटी-छोटी गलतफहमियां भी बड़ी बहस का कारण बन सकती हैं। ऐसी स्थिति में समय के साथ दोनों के बीच भावनात्मक जुड़ाव कमजोर पड़ सकता है और बातचीत केवल जरूरत तक सीमित रह जाती है। खासतौर से अगर ऐसा कुछ गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड, पति-पत्नी के बीच हो रहा है, तो ये चिंता की बात हो सकती है। मॉडर्न भाषा में इसे भी एक रेड फ्लैग ही माना जाएगा।
क्या हर इंसान का चैट करने का तरीका अलग होता है?
इस स्क्रोलिंग, चैटिंग वाली डिजिटल दुनिया में हालांकि हर किसी का बात करने का तरीका अलग हो सकता है। फोन की स्क्रीन के पीछे छिपे इंसान के मूड, टोन का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है। कुछ लोग आमने-सामने बहुत अच्छे से बात करते हैं, लेकिन मैसेज पर ज्यादा नहीं लिख पाते। वहीं कुछ लोग घंटों चैट कर सकते हैं, लेकिन आमने सामने कुछ कह नहीं पाते हैं। इसलिए इस नतीजे पर पहुंचने से पहले की कोई आपके साथ ड्राय टेक्स्टिंग कर रहा है, आपको उसका टेक्स्टिंग स्टाइल समझना भी जरूरी है। रिश्ते में हर व्यक्ति का कम्युनिकेशन स्टाइल अलग हो सकता है।
Dry Texting se kaise bache
Dry Texting से कैसे बचें?
अगर आपको लगता है कि आपकी बातचीत भी ऐसी हो गई है, तो कुछ आसान बदलाव मदद कर सकते हैं।
- सिर्फ हां या ओके लिखने की बजाय थोड़ा फीलिंग्स से भरा हुआ और खुद की स्थिति को समझाता हुआ जवाब दें।
- सामने वाले से सवाल पूछें ताकि बातचीत आगे बढ़े।
- समय मिलने पर कॉल या वीडियो कॉल भी करें।
- अगर व्यस्त हैं, तो बाद में बात करने की जानकारी दें।
- अपनी भावनाओं को खुलकर बताने की आदत डालें।
अगर सामने वाला हमेशा ऐसा करे तो क्या करें?
अब अगर आपके साथ कोई इस प्रकार से बातचीत करता है। तो पहले ही खुद से अनुमान लगाने के बजाय शांति से बात करना ज्यादा बेहतर होगा। उनसे पूछें कि क्या वे किसी तनाव में हैं या इस तरह से बात करने की कोई और वजह है। ऐसी स्थिति में आपको सामने वाले को ब्लेम नहीं करना है, बल्कि शांति से अपनी फीलिंग्स बतानी है। मामूली सी बातचीत कई बार ही रिश्ते को फिर से पहले जैसा बना सकती है।हालांकि अगर बहुत कोशिश करने के बाद भी किसी रिश्ते में कम्यूनिकेशन गैप नजर आता है। तो ऐसी स्थिति में खुद को उस रिश्ते के बोझ से आजाद करना बेहतर हो सकता है।
