लाइफस्टाइल

बारिश और पकौड़े का है खास कनेक्शन, जानिए क्यों बढ़ती है क्रेविंग

Monsoon Food Cravings: बारिश आते ही पकौड़े और समोसे खाने की क्रेविंग बढ़ने लगती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि तली-भुनी चीजें खाने की इच्छा अचानक इतनी ज्यादा क्यों बढ़ जाती है?

Image

बारिश और पकौड़े का है खास कनेक्शन (फोटो: AI)

Monsoon Food Cravings: बारिश के मौसम में ज्यादातर लोगों के दिमाग में सबसे पहले चाय-पकौड़े या समोसे का ख्याल आता है। लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि बारिश आते ही हमारा मन तली-भुनी चीजों की ओर क्यों आकर्षित होता है? आपको ये बात जानकर हैरानी होगी कि इसके पीछे सिर्फ आदत नहीं बल्कि हमारे शरीर और दिमाग का भी कनेक्शन है। आइए डिटेल में जानते हैं कि बारिश के मौसम में पकौड़े और समोसे इतने लुभावने क्यों लगते हैं और इस दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

1- दिमाग चाहता है कम्फर्ट फूड

मौसम बदलते ही दिमाग कम्फर्ट फूड जैसे- पकौड़े, समोसे, कचौड़ी जैसी तली-भुनी चीजों की ओर आकर्षित होता है। इसके पीछे सिर्फ स्वाद ही कारण नहीं होता बल्कि इनको खाने से मानसिक संतुष्टि भी मिलती है। यही वजह है कि ज्यादातर लोगों को बारिश शुरू होते ही इनकी याद सबसे पहले आती है।

2- शरीर चाहता है गर्म और कुरकुरा खाना

बारिश के समय मौसम ठंडा हो जाता है। ऐसे में शरीर को गर्माहट देने वाले खाना लोग ज्यादा पसंद करते हैं। इसी वजह से गरमा-गरम पकौड़े या समोसे और अपने कुरकुरे स्वाद की वजह से लोगों को खूब पसंद आते हैं। चाय के साथ इनका मेल इस अनुभव को और भी खास बना देता है।

3- बचपन की यादें भी बढ़ा देती हैं क्रेविंग

मनोविज्ञान में इसे इमोशनल ईटिंग से भी जोड़कर देखा जाता है। कई लोगों के लिए बारिश का मतलब बचपन से ही परिवार के साथ बैठकर चाय और पकौड़ों का आनंद लेना रहा है। ऐसे में बचपन से जुड़ी ये यादें हमारे दिमाग में गहराई से बस जाती हैं। जब भी वैसा मौसम बनता है, दिमाग उन्हीं पुराने अनुभवों में खो जाता है।

4- बारिश का माहौल बढ़ा देता है स्वाद का एहसास

कई बार यह क्रेविंग भूख से ज्यादा माहौल की वजह से होती है। बारिश के दौरान मौसम बेहद खुशनुमा हो जाता है। मिट्टी की खुशबू, ठंडी हवाएं और खिड़की के पास बैठकर चाय पीने का माहौल बेहद खास होता है। ऐसे माहौल में खाने का स्वाद भी ज्यादा अच्छा महसूस होता है। यही कारण है कि सामान्य दिनों की तुलना में बारिश में तली-भुनी चीजें ज्यादा स्वादिष्ट लगती हैं।

संतुलन भी है जरूरी

कभी-कभार पकौड़े या समोसे खाना चलता है लेकिन, अगर आप रोजाना इसका सेवन करते हैं तो सेहत के लिए यह नुकसानदायक हो सकता है। ज्यादा तला-भुना भोजन वजन बढ़ाने, पाचन संबंधी दिक्कतों और कोलेस्ट्रॉल की समस्या पैदा कर सकता है। फिर भी अगर आप बारिश के मौसम में इनका मजा लेना चाहते हैं तो एयर-फ्राइड पकौड़े, बेसन और सब्जियों से बने स्नैक्स या कम तेल में तैयार किए गए नाश्ते चुन सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article