Kiss Day 2025 February (किस डे कब है 2025 में): आज किस डे यानी चुंबन का दिन है, वैलेंटाइन वीक का सातवां दिन होता है। भावनाओं को जाहिर करने के सबसे पुख्ता तरीकों की लिस्ट में चुंबन हमेशा ऊपर ही रहेगा। इसलिए प्यार से जुड़े एक हफ्ते में इसको समर्पित एक दिन का होना लाजमी है। केवल प्रेमी जोड़े ही नहीं बल्कि प्यार और स्नेह के सभी रिश्तों में चुंबन की अहमियत देखी जाती है। किस डे भी इसी प्यार की भावना को दिखाने का एक दिन है। गले लगाकर या सिर्फ छूकर मानसिक स्तर पर जितना सकारात्मक असर दिखता है, उससे कहीं ज्यादा असर होठों से छूने पर होता है। प्रेमी जोड़े खास इस मौके पर रोमांटिक डेट पर जाते हैं। आज किस डे पर विस्तार से जानते हैं कि, इसका इतिहास क्या है और किस डे पर क्या होता है।
Kiss Day 2025 February
किस डे कब मनाते हैं (Kiss Day 2025 Date)
किस डे वैलेंटाइन डे के ठीक पहले आता है। वैलेंटाइन वीक का सातवां दिन 13 फरवरी को मनाया जाता है। प्यार जाहिर करने के तरीके में ये दिन एक बढ़ावा भी है और लोगों के बीच भावनात्मक बंधन को मजबूत करने का एक जरिया भी। यह विशेष दिन ये ध्यान में भी लाता है कि एक चुंबन की तरह छोटी-छोटी चीजें, किसी की भावनाओं के बारे में बहुत कुछ बता सकते हैं और एक प्रेम भरे रिश्ते को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं।
क्यों मनाते हैं किस डे (Kiss Day Significance)
बिना बोले भी कई जटिल बातें साझा किया जा सकता है, इसका तरीका है छूकर। स्पर्श या छूना एक ऐसी चीज है, जो भावनाओं और संवेदनाओं को व्यक्त कर सकती है। यह संबंधों को मजबूत करने और कई बार बनाने में मदद कर सकता है, और विचार और भावनाओं के आदान-प्रदान को बढ़ा सकता है । सिर्फ छूने भर से प्रेम, कृतज्ञता, सहानुभूति और चिंता जैसी कई भावनाएं व्यक्त हो सकती हैं। ये सारी भावनाएं होठों से छूने पर, यानी किस करने पर बढ़ भी सकती हैं और अलग तरीके से जाहिर भी होती हैं। किस आपको जुड़ाव महसूस करने और अपने साथी के साथ अपने बंधन को मजबूत करने में मदद कर सकता है। चुंबन आपके साथी को दिखाता है कि आप उनकी कितनी परवाह करते हैं। ये एंडोर्फिन, डोपामाइन, सेरोटोनिन और ऑक्सीटोसिन जैसे हैप्पी हार्मोंस के स्राव को बढ़ाता है, जो आपको खुश और तनावमुक्त महसूस करा सकता है। इन्हीं कारणों की वजह से हमारे जीवन के सभी प्यार के रिश्तों में चुंबन दिखता है। प्रेम को दिखाने के इस अद्भुत तरीके का एक दिन होना और इसका वैलेंटाइन वीक का हिस्सा होना लाजमी है।
क्या है किस डे का इतिहास (Kiss day History)
किस करने की या चुंबन की परंपरा कब शुरू हुई इसे ठीक ठीक कहना बहुत मुश्किल है। जो एक बात तय है वो ये कि चुंबन के मानसिक असर की वजह से शायद ये शुरूआती मानव सभ्यताओं का भी हिस्सा रहा हो। कई प्राचीन सभ्यताओं और ग्रंथों में इसका जिक्र मिलता है। वैलेंटाइन वीक का हिस्सा तो ये बहुत बाद में बना है।
