लाइफस्टाइल

खीरे की सब्जी बनाने की आसान विधि, मिनटों में तैयार होगी स्वादिष्ट डिश

Kheere Ki Sabzi: रोजाना अगर आप एक जैसी सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं और अनोखे और स्वादिष्ट व्यंजन की अगर आप तलाश में हैं तो इस बार खीरे की सब्जी जरूर बनाकर देखें।

Image

खीरे की सब्जी (फोटो: AI)

Kheere Ki Sabzi: अगर आप रोज-रोज एक तरह की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं तो कम समय में तैयार होने वाली यह रेसिपी आपके लिए ही है। आज हम आपको जिस रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं वह स्वाद, सेहत (Healthy Vegetable Recipe) और सादगी का बेहतरीन मेल है। वैसे तो आमतौर पर सलाद के रूप में खीरा खाया जाता है लेकिन, इस बार आप इसकी स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं। कम मसालों में बनने वाली खीरे की सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हल्की और हेल्दी भी होती है।

गर्मियों के मौसम में खीरे की सब्जी शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ पाचन को भी दुरुस्त करती है। सही मसालों के साथ बनी खीरे की सब्जी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आती है। आइए जानते हैं घर पर खीरे की सब्जी बनाने की आसान विधि।

खीरे की सब्जी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

2 मध्यम आकार के ताजे खीरे

1 प्याज (बारीक कटा हुआ)

1 टमाटर (बारीक कटा हुआ)

2 हरी मिर्च (कटी हुई)

1/2 चम्मच जीरा

1/4 चम्मच हींग

1/2 चम्मच हल्दी पाउडर

1 चम्मच धनिया पाउडर

1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1/2 चम्मच गरम मसाला

नमक स्वादानुसार

2 चम्मच सरसों का तेल या रिफाइंड तेल

हरा धनिया सजाने के लिए

खीरे की सब्जी बनाने की विधि

खीरे को अच्छी तरह धो लें। अगर उसका छिलका सख्त हो तो हल्का छील लें नहीं तो छिलके सहित भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अब खीरे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल की मात्रा ज्यादा न हो इसका ध्यान रखें वरना खाने में एक्स्ट्रा कैलोरी एड हो जाएगी। तेल गर्म होने पर इसमें खड़े मसाले डालकर थोड़ा हिलाएं। इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह मिला लें।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बच्चों में पेंसिल चबाने की आदत कैसे छुड़ाएं

कटा हुआ प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद हरी मिर्च और टमाटर डालें और तब तक पकाएं जब तक टमाटर पूरी तरह नरम न हो जाए। मसाले से हल्का तेल अलग होने लगे तो कटे हुए खीरे डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सब्जी तले में न लगे। जब खीरा नरम हो जाए तो ऊपर से गरम मसाला डालें और 2 मिनट तक और पकाएं। आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। आपकी स्वादिष्ट खीरे की सब्जी तैयार है।

खीरे की सब्जी खाने के फायदे

खीरा शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह कैलोरी में कम होता है, इसलिए अगर आप फैट लॉस पर हैं तो ये आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article