Khane ke bad saunf ke fayde: आज की लाइफस्टाइल में पेट से जुड़ी दिक्कतें बहुत आम हो गई हैं। देर से खाना, ज्यादा मसालेदार फूड, बाहर का प्रोसेस्ड खाना और स्ट्रेस – ये सब धीरे-धीरे डाइजेशन को कमजोर कर देते हैं। कई लोग गैस, एसिडिटी, पेट फूलना या खाने के बाद भारीपन जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं। ऐसे में छोटी-छोटी हेल्दी आदतें बहुत काम आ सकती हैं। खाने के बाद सौंफ खाना भी ऐसी ही एक आसान और असरदार आदत मानी जाती है। अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद के सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार सौंफ में मौजूद नेचुरल तत्व पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करते हैं और पेट से जुड़ी आम परेशानियों को कम कर सकते हैं।
खाने के बाद सौंफ चबाने के हैं गजब फायदे
भोजन के बाद सौंफ खाने के फायदे - Khane Ke Bad Saunf Khane Fayde
डाइजेशन को आसान बनाती है सौंफ
डॉ. मोहित शर्मा बताते हैं कि सौंफ में ऐसे प्राकृतिक कंपाउंड होते हैं जो डाइजेस्टिव एंजाइम्स को एक्टिव करने में मदद करते हैं। जब एंजाइम्स सही तरीके से काम करते हैं तो खाना अच्छे से टूटता और पचता है। इससे पेट पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और बदहजमी की संभावना कम हो जाती है। यही वजह है कि पुराने समय से ही भोजन के बाद सौंफ खाने की सलाह दी जाती रही है।
इसे भी पढ़ें: धुरंधर के रहमान डकैत से सीखें कैसे रहें फिट, अक्षय खन्ना के 5 फिटनेस मंत्र आपको रखेंगे हेल्दी
गैस और पेट फूलने से दिलाती है राहत
कई लोगों को खाने के बाद गैस या ब्लोटिंग की समस्या होती है, जिससे बेचैनी महसूस होती है। सौंफ पेट और आंतों की मांसपेशियों को रिलैक्स करने में मदद करती है। इससे फंसी हुई गैस आसानी से बाहर निकल सकती है और पेट हल्का महसूस होता है। अगर आपको अक्सर पेट फूलने की परेशानी रहती है, तो खाने के बाद थोड़ी सौंफ चबाना फायदेमंद हो सकता है।
सौंफ चबाना डाइजेशन के लिए है फायदेमंद
एसिडिटी और जलन में मददगार
ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना खाने के बाद सीने में जलन और खट्टी डकार की समस्या हो सकती है। सौंफ की तासीर ठंडी मानी जाती है, जो पेट के एसिड लेवल को संतुलित करने में मदद कर सकती है। इससे एसिडिटी के लक्षण जैसे हार्टबर्न, खट्टी डकार और गले में जलन कम हो सकती है।
फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
सौंफ में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है। साथ ही इसमें एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाते हैं। नियमित रूप से सीमित मात्रा में सौंफ खाने से गट हेल्थ बेहतर रह सकती है और खाने के बाद भारीपन कम महसूस हो सकता है।
मुंह की बदबू भी करती है कम
डॉ. शर्मा के अनुसार सौंफ में मौजूद एसेंशियल ऑयल्स में हल्के एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो मुंह में बैक्टीरिया की संख्या कम करने में मदद कर सकते हैं। यही कारण है कि सौंफ खाने से सांस की बदबू कम होती है और मुंह फ्रेश महसूस होता है।
सीमित मात्रा में ही करें सेवन
सौंफ से फायदे मिल सकते हैं, लेकिन इसे जरूरत से ज्यादा नहीं खाना चाहिए। बहुत अधिक मात्रा में सेवन हर किसी के लिए सही नहीं होता। कुछ लोगों में हल्की संवेदनशीलता या हार्मोनल प्रभाव भी देखने को मिल सकते हैं। गर्भवती महिलाएं या जिन लोगों को कोई विशेष स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें इसे रोजाना लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
खाने के बाद एक छोटी चम्मच सौंफ खाने की आदत अपनाना आसान भी है और फायदेमंद भी। यह छोटी-सी आदत गैस, एसिडिटी और बदहजमी जैसी रोजमर्रा की समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकती है और पेट को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में सहायक हो सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
