लाइफस्टाइल

दही जमने में लगता है घंटों का वक्त? जानिए 15 मिनट वाला देसी जुगाड़

घर में बनी दही ताजा होने के साथ-साथ प्रोबायोटिक्स से भरपूर होती है। यह पाचन को बेहतर बनाने, शरीर को ठंडक देने और आंतों की सेहत को मजबूत रखने में मदद करती है।

Image

झटपट दही जमाने का देसी जुगाड़ (Photo: iStock)

गर्मियों में दही खूब खाई जाती है। वैसे दही बरसात छोड़ कर लगभग हर मौसम में खाई जाती है। बहुत से लोग तो बरसातों में भी दही खाते हैं। चाहे रायता बनाना हो, लस्सी तैयार करनी हो या फिर खाने के साथ ताजा दही परोसना हो, इसकी जरूरत लगभग हर घर में पड़ती है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि दही जमाने के लिए पर्याप्त समय नहीं होता। खासकर गर्मियों में अचानक मेहमान आ जाएं या किसी रेसिपी के लिए तुरंत दही चाहिए हो।

एक आसान किचन ट्रिक आपकी मदद कर सकती है, जिससे दही बहुत कम समय में तैयार होने लगेगी। हालांकि यह पूरी तरह बाजार जैसी गाढ़ी दही 15 मिनट में नहीं बनाती, लेकिन दही जमने की प्रक्रिया को तेज जरूर कर सकती है।

दही जमाने के लिए चाहिए सही तापमान

दही बनने की प्रक्रिया में दूध में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया अहम भूमिका निभाते हैं। इन्हें सक्रिय होने के लिए हल्का गर्म वातावरण चाहिए होता है। अगर तापमान बहुत कम हो तो दही जमने में ज्यादा समय लगता है। यही वजह है कि पुराने समय में लोग दही के बर्तन को गर्म कपड़े में लपेटकर रखते थे ताकि उसे अनुकूल तापमान मिल सके।

क्या है 15 मिनट वाली ट्रिक?

सबसे पहले दूध को उबाल लें और फिर उसे गुनगुना होने तक ठंडा कर लें। अब एक बर्तन में एक या दो चम्मच ताजा दही डालें और उसमें दूध मिला दें।

इसके बाद कुकर या किसी बड़े बर्तन में थोड़ा गर्म पानी भरें। दही वाले बर्तन को इस गर्म पानी के बीच रख दें और ढक्कन बंद कर दें। गर्म वातावरण मिलने से दही के बैक्टीरिया तेजी से सक्रिय होने लगते हैं।

करीब 15 से 20 मिनट बाद दही जमने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है और सामान्य स्थिति की तुलना में काफी जल्दी सेट होने लगती है।

इन बातों का रखें ध्यान

- दूध बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए, वरना दही का कल्चर खराब हो सकता है।

-हमेशा ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाली दही का इस्तेमाल करें।

- बर्तन को बार-बार खोलकर न देखें।

- गर्मियों में यह ट्रिक ज्यादा असरदार साबित होती है।

- दही जमाने के लिए मिट्टी का बर्तन भी है फायदेमंद

अगर आप गाढ़ी और स्वादिष्ट दही चाहते हैं तो मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल कर सकते हैं। मिट्टी अतिरिक्त पानी को सोख लेती है, जिससे दही ज्यादा क्रीमी बनती है।

क्यों फायदेमंद है घर की दही?

घर में बनी दही ताजा होने के साथ-साथ प्रोबायोटिक्स से भरपूर होती है। यह पाचन को बेहतर बनाने, शरीर को ठंडक देने और आंतों की सेहत को मजबूत रखने में मदद करती है।

थोड़ी-सी समझदारी और सही तापमान का ध्यान रखकर आप दही जमाने की प्रक्रिया को काफी हद तक तेज कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर कम समय में स्वादिष्ट दही तैयार कर सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article