गाजर मूली का अचार बनाने का क्या तरीका है (Gajar Mooli Achar Recipe): सर्दियों इस मौसम में बाजार ताजी गाजर और मूली से गुलजार हैं। इस मौसम में लोग खूब गाजर मूली खाते हैं। सलाद के तौर पर लोग इन्हें खाते ही हैं, इनसे बनने वाला अचार भी लोगों को खूब पसंद आता है। दाल-चावल हो, पराठा हो या खिचड़ी, गाजर-मूली का अचार हर तरह के खाने के साथ खूब जमता है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है और इसके लिए बहुत ज्यादा तामझाम की भी जरूरत नहीं पड़ती।
गाजर और मूली का अचार कैसे बनाते हैं (Photo: iStock)
गाजर और मूली के अचार में क्या-क्या डाला जाता है?
गाजर-मूली के अचार को असली स्वाद और खुशबू सही मसालों से मिलती है। इसमें आमतौर पर पीली या काली राई, सौंफ, मेथी दाना, अजवाइन और कलौंजी डाली जाती है। तीखेपन और रंग के लिए लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर का इस्तेमाल होता है। खटास और अचार को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए सिरका या अमचूर पाउडर मिलाया जाता है। स्वाद के हिसाब से सामान्य नमक के साथ थोड़ा काला नमक भी डाला जाता है और पूरे मिश्रण को सरसों के तेल में तैयार किया जाता है।
गाजर मूली का अचार बनाने का क्या तरीका है?
सबसे पहले गाजर और मूली को अच्छी तरह धो लें। छिलका उतारकर इन्हें लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें। साथ में हरी मिर्च को भी बीच से चीर लें। अब इन कटे हुए टुकड़ों को एक साफ कपड़े पर फैलाकर 1 से 2 घंटे के लिए धूप में या पंखे के नीचे सुखा लें, ताकि इनमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाए। नमी रहने से अचार जल्दी खराब हो सकता है।
इसके बाद एक कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें। तेल से हल्का धुआं उठने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को थोड़ा ठंडा होने दें। एक बर्तन में सूखी गाजर, मूली और हरी मिर्च डालें। इसमें राई, सौंफ, मेथी, अजवाइन, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और सिरका या अमचूर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आखिर में हल्का गुनगुना सरसों का तेल डालकर सब कुछ अच्छे से मिक्स कर दें।
कितने दिन में खाने के लिए तैयार होता है गाजर मूली का अचार
अगर अचार को धूप में रखा जाए, तो यह आमतौर पर 2 से 3 दिन में ही खाने लायक नरम और चटपटा हो जाता है। बिना धूप के भी यह करीब 4 से 5 दिन में सेट हो जाता है। तैयार अचार को हमेशा साफ और सूखे कांच या चीनी मिट्टी के जार में रखें। निकालते समय सूखे चम्मच का ही इस्तेमाल करें, इससे अचार लंबे समय तक ताजा और खराब होने से सुरक्षित रहता है।
मूली का अचार खाने से क्या फायदा होता है?
मूली का अचार खाने से भोजन का स्वाद बढ़ने के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी सहारा मिल सकता है। मूली में प्राकृतिक रूप से फाइबर पाया जाता है, जो पेट की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। वहीं, अचार में डाले जाने वाले मसाले जैसे राई, सौंफ, अजवाइन, मेथी और हींग भूख बढ़ाने और खाना पचाने में मददगार हो सकते हैं। सरसों का तेल और हल्दी भी इसके स्वाद व गुणों को बढ़ाते हैं।
