पान का पत्ता भारतीय परंपरा और पूजा-पाठ में बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। शादी-विवाह, धार्मिक अनुष्ठान और कई शुभ अवसरों पर इसका उपयोग किया जाता है। यही वजह है कि बहुत से लोग अपने घर में ही पान का पौधा लगाना चाहते हैं। हालांकि कई बार पौधा लगाने के बाद भी उसकी बेल ठीक से नहीं बढ़ती और पत्ते छोटे रह जाते हैं। ऐसे में गार्डनिंग एक्सपर्ट्स कुछ आसान तरीके बताते हैं, जिनकी मदद से पान की बेल को घना और तेजी से बढ़ाया जा सकता है।
घर पर गमले में पान का पौधा लगाने के आसान तरीके (Photo: iStock)
गमले और मिट्टी का चुनाव
सबसे पहले पान के पौधे के लिए सही गमला और मिट्टी का चयन बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार मिट्टी का गमला सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इसमें हवा का प्रवाह बेहतर रहता है और पौधे की जड़ें स्वस्थ रहती हैं। मिट्टी तैयार करते समय आधी गार्डन सॉइल और आधी वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद मिलाना अच्छा रहता है। इससे पौधे को पर्याप्त पोषण मिलता है और उसकी ग्रोथ बेहतर होती है।
एक साथ लगाएं 2-3 कटिंग
पान की बेल को घना बनाने के लिए एक खास तरीका यह है कि एक ही गमले में दो से तीन कटिंग लगाई जाएं। इससे पौधे तेजी से फैलते हैं और बेल अधिक घनी दिखाई देती है। साथ ही मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहती है, जो पान के पौधे के लिए बहुत जरूरी होती है। कटिंग लगाते समय उनके बीच थोड़ा अंतर रखना भी जरूरी है ताकि उन्हें बढ़ने की पर्याप्त जगह मिल सके।
मॉस स्टिक से दें सहारा
पान की बेल एक चढ़ने वाला पौधा है, इसलिए इसे बढ़ने के लिए सहारे की जरूरत होती है। इसके लिए मॉस स्टिक का इस्तेमाल काफी फायदेमंद माना जाता है। मॉस स्टिक नमी को बनाए रखती है और बेल को ऊपर की ओर बढ़ने में मदद करती है। जब बेल इस सहारे के साथ ऊपर चढ़ती है तो उसकी जड़ें मजबूत होती हैं और पत्ते भी बड़े और हरे-भरे बनने लगते हैं।
पौधे को मिलेगा पोषण
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए कुछ पोषक तत्व भी जरूरी होते हैं। इसके लिए एप्सम सॉल्ट, ह्यूमिक एसिड और सीवीड एक्सट्रैक्ट का स्प्रे पौधे के लिए टॉनिक की तरह काम करता है। एप्सम सॉल्ट में मौजूद मैग्नीशियम पत्तियों को हरा और स्वस्थ बनाता है, जबकि ह्यूमिक एसिड मिट्टी की गुणवत्ता सुधारता है और पौधे की जड़ों को पोषण पहुंचाने में मदद करता है।
धूप और पानी का सही संतुलन
इसके अलावा पानी और धूप का संतुलन भी बेहद जरूरी है। पान के पौधे को तेज धूप पसंद नहीं होती, इसलिए इसे ऐसी जगह रखना चाहिए जहां हल्की या छनकर आने वाली धूप मिल सके। मिट्टी को हमेशा नम रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं।
अगर इन आसान बातों का ध्यान रखा जाए तो घर के गमले में भी पान की बेल तेजी से बढ़ सकती है। सही देखभाल के साथ यह पौधा न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि पूजा और अन्य कामों के लिए ताजे पत्ते भी उपलब्ध कराता है।
