शादियों का सीजन शुरू हो चुका है। हर कोई इस वेडिंग सीजन को खास बनाना चाहता है। खास बनाने के लिए लोग कपड़ों से लेकर तोहफों तक की खरीदारी में खूब एहतियात बरतते हैं। हालांकि एक चीज जो पूरे लुक और आपके मूड को बना या बिगाड़ सकती है, वह है सही फुटवियर। शादी के फंक्शन्स में घंटों खड़े रहना, मेहमानों से मिलना, फोटो खिंचवाना और जमकर डांस करना आम बात है। ऐसे में अगर आपके जूते या सैंडल आरामदायक न हों, तो महंगे आउटफिट भी फीके लगने लगते हैं।
वेडिंग डेस्टिनेशन के हिसाब से सही फुटवियर कैसे चुनें (Photo: iStock)
दूसरी तरफ गलत फुटवियर के चुनाव से जो पैरों में दर्द उठता है वो जश्न का सारा मजा किरकिरा कर देता है। सही फुटवियर न सिर्फ आपके आउटफिट की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि आपको पूरे दिन आत्मविश्वास और सहजता के साथ हर पल का आनंद लेने की आजादी भी देते हैं। आइए जानते हैं डेस्टिनेशन के हिसाब से सही फुटवियर का चुनाव कैसे करें:
बीच वेडिंग के लिए सही चुनाव
समुद्र किनारे लहरों और ठंडी हवाओं के बीच होने वाली शादियों का माहौल काफी सहज और आरामदायक होता है। यहां हल्के-फुल्के और हवादार परिधानों के साथ ऐसे फुटवियर चाहिए जो रेत पर आसानी से चल सकें। यहां ब्लॉक हील्स बेहतरीन विकल्प हैं क्योंकि इनसे अच्छी ग्रिप और संतुलित हाइट मिलती है। इसके अलावा राइनस्टोन वर्क वाली सैंडल, मेटैलिक स्ट्रैपी फ्लैट्स और म्यूल्स भी बीच वेडिंग के लिए स्मार्ट चॉइस हैं।
गार्डन वेडिंग में स्टाइल और सहूलियत
गार्डन वेडिंग पेस्टल रंगों, फ्लोरल प्रिंट्स और नाजुक सजावट के लिए शानदार बैकड्रॉप देती है। चूंकि बगीचों में जमीन और रास्ते कई बार ऊबड़-खाबड़ होते हैं, इसलिए वेजेज, मेटैलिक फ्लैट्स और प्लेटफॉर्म ब्लॉक हील्स पहनना समझदारी भरा फैसला है। सॉफ्ट शेड्स, मेटैलिक डिटेलिंग और पर्ल एक्सेंट वाले फुटवियर गार्डन वेडिंग के अलग-अलग आउटफिट्स के साथ खूबसूरती से मेल खाते हैं।
पैलेस वेडिंग की शाही चमक
पैलेस वेडिंग पारंपरिक शान और भव्यता से जुड़ी होती है, जहां बारीक कारीगरी और शाही अंदाज सबसे ज्यादा जंचता है। बड़े आंगन और झील किनारे बने वेन्यू के लिए डायमंटे वर्क वाली फैंसी हील्स, मेटैलिक सैंडल और ज्वेल-टोन्ड या गहरे रंगों के फुटवियर चुनें। ये कढ़ाईदार साड़ियों, भारी लहंगों और मॉडर्न गाउन्स के साथ मिलकर फेस्टिव लुक में खास चमक जोड़ते हैं।
हमेशा आराम को दें प्राथमिकता
चाहे शादी बीच पर हो, गार्डन में या किसी पैलेस में, फुटवियर चुनते समय आराम सबसे बड़ी कसौटी होना चाहिए। सही फुटवियर वेन्यू के माहौल और आपकी निजी पसंद, दोनों के अनुरूप होना चाहिए। सही जूते-सैंडल पूरे जश्न के दौरान आपको सहज रखते हुए आपके लुक को और निखारते हैं।
