Amchoor Powder Recipe: अमचूर, यानी सूखा कच्चा आम पाउडर, भारतीय रसोई का एक अनोखा और जरूरी मसाला है। यह मसाला अपने खट्टी-मीठी खुशबू और स्वाद के लिए इस्तेमाल होता है। अमचूर खासकर सब्जियों, दाल और चाट में डाला जाता है। बाजार में मिलने वाले अमचूर में अक्सर मिलावट या रासायनिक ट्रीटमेंट होता है, इसलिए आप इसे घर पर आसानी से बना सकते है। सही तरीके से बनाया गया घर का अमचूर न केवल खाने में सुरक्षित होता है, बल्कि इसका स्वाद और खुशबू भी बरकरार रहती है।
घर पर अमचूर बनाने की सामग्री
कच्चे आम (अपनी जरूरत के हिसाब से इसकी मात्रा चुनें)
नमक स्वादानुसार (वैकल्पिक)
घर पर अमचूर पाउडर कैसे बनाएं
1.आम का चुनाव और सफाई
अमचूर पाउडर बनाने से पहले सबसे पहले कच्चे और हरे आम चुनें। ध्यान रखें कि आम पके हुए न हों क्योंकि हमें खट्टे आम चाहिए। अगर आम थोड़ा भी नरम लगे तो उसे अलग रख दें। अब कच्चे आमों को अच्छे से धोकर किसी सूती कपड़े या छलनी पर सुखा लें ताकि किसी तरह की धूल या गंदगी न रहे।
2.आम को काटना
साफ किए हुए आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। जितने छोटे टुकड़े होंगे, उतनी जल्दी यह सूखेंगे। अगर आम बड़े हों, तो उनके बीच के बीजों को निकाल दें। अब एक बड़ी ट्रे या प्लेट में इसे फैला दें। ध्यान रखें कि उन्हें एक-दूसरे के ऊपर न रखें।
3. आम को कैसे सुखाएं
अब इस ट्रे को धूप में रखें और स्लाइस को पूरी तरह सूखने दें। इसे कम से कम तीन से चार दिनों तक तेज धूप में रखें। बीच-बीच में आम के टुकड़ों को पलटते रहें। ध्यान दें कि मानसून या ज्यादा नम मौसम में आप इसको सुखाने के लिए ओवन का इस्तेमाल कर सकते हैं। तापमान लगभग 50–60 °C रखें।
4.सूखे आम को पीसें
जब आम के टुकड़े पूरी तरह सूखकर कुरकुरे हो जाएं तो उन्हें मिक्सर ग्राइंडर में पीस लें। पीसने के बाद इस पाउडर को छलनी से छान लें ताकि बड़े टुकड़े निकल जाएं। अगर कोई बड़ा टुकड़ा बच गया हो तो उसे फिर से पीस लें। अब आपका सूखा आम पाउडर तैयार है जिसे आप कई तरह के व्यंजनों में इस्तेमाल कर सकते हैं।
घर पर अमचूर पाउडर को कैसे स्टोर करें
इसे स्टोर करने के लिए हमेशा एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें। इससे पाउडर में नमी नहीं जाएगी और यह लंबे समय तक ताजा रहेगा। इसके साथ ही इस पाउडर के कंटेनर को ठंडी और सूखी जगह पर ही रखें। नमी और गर्मी से बचाने के लिए आप इसे किचन कैबिनेट में भी स्टोर कर सकते हैं। अगर आपने बड़ी मात्रा में अमचूर पाउडर बनाया है, तो इसे रोजाना इस्तेमाल के लिए अलग छोटे डिब्बे में रखें। आप बाकी पाउडर को अलग से पैक करके भी रख सकते हैं।
घर पर बनाए हुए अमचूर के फायदे
घर का अमचूर स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर होता है। इसमें कोई मिलावट नहीं होती और यह पेट की पाचन क्रिया में भी मदद करता है। अमचूर खाने में खट्टापन और स्वाद बढ़ाने के अलावा, विटामिन C से भी भरपूर होता है।
यह लेख मूल रूप से Gaurangi द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
