Gautam Buddha Ke Prerak Prasang: गौतम बुद्ध का असली नाम सिद्धार्थ था। गौतम बुद्ध ने सत्य की खोज में राजमहल छोड़कर जंगलों की राह पकड़ी। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्चा सुख बाहरी भोग-विलास में नहीं, बल्कि आत्मज्ञान और करुणा में है। बोधगया में ध्यान करते हुए उन्हें बोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति हुई और वे ‘बुद्ध’ कहलाए। बुद्ध ने अहिंसा, मध्य मार्ग और करुणा का संदेश दिया। उनका ज्ञान सीमाओं में नहीं बंधा, बल्कि पूरी दुनिया तक फैला। उनके विचार आज भी लाखों लोगों को शांति, संतुलन और आत्मबोध की ओर प्रेरित करते हैं। उनके कई ऐसे प्रेरक प्रसंग हैं जो जीवन जीने की कला सिखाते हैं। आइए डालते हैं गौतम बुद्ध के 5 प्रेरक प्रसंगों पर एक नजर:
गौतम बुद्ध (फोटो सोर्स - AI Image)
कटु शब्दों का उत्तर मौन से
एक बार एक व्यक्ति गौतम बुद्ध के पास आया और उन्हें भला-बुरा कहने लगा। बुद्ध शांत खड़े रहे, मुस्कुराते रहे। जब वह व्यक्ति थक गया, तब बुद्ध ने कहा - अगर कोई आपको उपहार दे और आप न लें तो वो उपहार किसका रहता है? व्यक्ति बोला- उसी का जिसने दिया। बुद्ध बोले- ठीक वैसे ही, तुम्हारे कटु शब्द मैंने नहीं अपनाए। वे तुम्हारे पास ही हैं।
संदेश: गुस्से और नफरत का जवाब शांति से देना ही सच्ची बुद्धिमत्ता है।
कड़वे सत्य की ताकत
एक महिला अपने मृत बच्चे को लेकर बुद्ध के पास आई। वह चाहती थी कि बुद्ध उसके बेटे को फिर से जीवित कर दें। बुद्ध बोले- मैं ज़रूर मदद करूंगा, लेकिन पहले तुम किसी ऐसे घर से सरसों के दाने लाओ जहां किसी की मृत्यु न हुई हो। महिला बहुत जगह गई लेकिन हर घर में किसी न किसी की मृत्यु हो चुकी थी। तब उसने समझा – मृत्यु तो जीवन का हिस्सा है।
संदेश:सच्चाई को स्वीकार करना ही दुख से मुक्ति का पहला कदम है।
क्रोध की अग्नि
एक दिन एक शिष्य ने बुद्ध से पूछा - गुरुदेव, क्रोध क्यों आता है? बुद्ध बोले- एक आदमी गुस्से में दूसरों पर चिल्लाता है क्योंकि वह खुद को असहाय महसूस करता है। क्रोध वो आग है, जो पहले खुद को जलाती है, फिर सामने वाले को।
संदेश: क्रोध हमें कमजोर बनाता है, शांति ही असली ताकत है।
जल में पड़ा पत्थर
बुद्ध अपने शिष्यों को एक तालाब के किनारे ले गए। उसमें एक पत्थर फेंका और पूछा- क्या यह पत्थर नीचे चला गया? शिष्यों ने कहा- हां। बुद्ध बोले- अब सोचो, अगर यही पत्थर तुम्हारे दिल में हो..ईर्ष्या, क्रोध या लालच के रूप में तो वह तुम्हें भी डुबो देगा।”
संदेश: मन को साफ रखो, तभी जीवन शांत और स्थिर रहेगा।
एक कटोरी अनाज
एक बार एक गरीब महिला ने बुद्ध को एक कटोरी चावल दान में दी। लोगों ने मज़ाक उड़ाया कि उसने इतना कम क्यों दिया। बुद्ध बोले, “उसने अपना सर्वस्व दिया है, ये दान सबसे बड़ा है।”
संदेश: दान भावना से होता है, मात्रा से नहीं।
