राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बच्चों को परोसा भोजन, बोलीं... देश के भविष्य में निवेश है बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन

नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अक्षय पात्र फाउंडेशन के कार्यक्रम में बच्चों को अपने हाथ से भोजन परोसा और खिलाया। संस्था के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि बच्चों के पौष्टिक भोजन देश के भविष्य में निवेश है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में अवसरों के द्वार खोलती है।

नई दिल्ली में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्कूली बच्चों को अपने हाथ से भोजन परोसा और खिलाया। संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 5 अरबवीं थाली परोसकर एक बड़ी सामाजिक उपलब्धि का उत्सव मनाया। यह आयोजन अक्षय पात्र फाउंडेशन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का विषय 'सुपोषित और सुशिक्षित भारत से विकसित भारत' रहा। अक्षय पात्र संस्था विद्यालयों में मिड-डे-मील पहुंचाकर बच्चों में पोषण की समस्या को दूर करने और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कई सालों से काम रही है।

द्रौपदी मुर्मु ने बच्चों को परोसा भोजन

राष्ट्रपति ने बच्चों को परोसा भोजन

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और खिलाया भी, इसके साथ ही उन्हें उपहार भी दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में अवसरों के द्वार खोलती है और बच्चों को सशक्त बनाती है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को मिलने वाला पौष्टिक भोजन वास्तव में देश के भविष्य में निवेश है। इसके साथ ही उन्होंने इस्कॉन के संस्थापक भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका सपना था कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, पौष्टिक भोजन, अच्छा स्वास्थ्य और स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिले। ये आधार बच्चों के समग्र विकास को संभव बनाते हैं। आज हम जो प्रयास कर रहे हैं, वही आने वाले भारत का स्वरूप तय करेंगे। जब हमारे बच्चे स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक होंगे, तब वे न केवल अपने सपनों को पूरा करेंगे, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

End of Feed