Desi Ghee Kaise Banaye: घर में बना घी सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि सेहत के लिहाज से भी भरोसेमंद होता है। आजकल मिलावट के डर से कई लोग बाजार के घी से दूरी बना रहे हैं और घर पर ही मलाई जमा करके घी बनाना पसंद कर रहे हैं। हालांकि गर्मियों में यह काम थोड़ा मुश्किल लगने लगता है। इस मौसम में मलाई जल्दी खट्टी हो जाती है और मक्खन निकालने में मेहनत भी ज्यादा लगती है। लेकिन अब एक ऐसा आसान तरीका सामने आया है, जिसमें न बर्फ की जरूरत है और न ही घंटों मथने की मेहनत। बस थोड़ी सी समझदारी से आप आसानी से ढेर सारा घी तैयार कर सकते हैं।
गर्मी में घी कैसे बनाएं
गर्मी में घर पर देसी घी कैसे बनाएं
मलाई को सही तरीके से करें तैयार
घी बनाने की शुरुआत मलाई से होती है, इसलिए इसका सही तरीके से तैयार होना बेहद जरूरी है। जब भी आप दूध से मलाई निकालें, उसे सीधे फ्रिज में स्टोर करें। एक-दो दिन की मलाई इकट्ठा होने के बाद उसे बाहर निकालें और एक बर्तन में डाल दें। अब इसमें थोड़ा ठंडा पानी मिलाएं और हल्का सा गर्म होने के लिए गैस पर रख दें। ध्यान रखें कि इसे उबालना नहीं है, बस इतना गर्म करें कि मलाई नरम हो जाए। इसके बाद इसे कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें।
बिना मथने के ऐसे अलग होगा मक्खन
जब मलाई ठंडी हो जाए, तब एक दिलचस्प ट्रिक अपनाएं। बर्तन के बीच में पानी से भरा एक गिलास रख दें। अब इस पूरे सेटअप को फ्रिज में रख दें और कुछ घंटों के लिए छोड़ दें। इस प्रक्रिया के दौरान मलाई अपने आप जमने लगेगी और नीचे की तरफ छाछ अलग होकर जमा हो जाएगी।
यह तरीका खास इसलिए है क्योंकि इसमें मथने या मिक्सर चलाने की जरूरत नहीं पड़ती। जब आप गिलास हटाएंगे, तो नीचे जमा छाछ आसानी से बाहर निकल जाएगी और ऊपर मक्खन अलग दिखने लगेगा।
मक्खन से ऐसे बनाएं खुशबूदार घी
अब बारी आती है घी बनाने की। तैयार मक्खन को निकालकर एक कड़ाही में डालें और धीमी आंच पर गर्म करें। कुछ ही देर में मक्खन पिघलकर सुनहरा घी बन जाएगा और उसकी खुशबू पूरे किचन में फैलने लगेगी। जब घी पूरी तरह तैयार हो जाए, तो इसे छानकर किसी एयरटाइट कंटेनर में भर लें। घर का बना यह घी लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और स्वाद में भी बेहतरीन होता है।
गर्मियों में रखें ये जरूरी सावधानियां
गर्मी के मौसम में मलाई जल्दी खराब हो सकती है, इसलिए इसे हमेशा फ्रिज में ही स्टोर करें। अगर मलाई में हल्की सी भी खटास आ जाए, तो घी का स्वाद प्रभावित हो सकता है। साथ ही, कोशिश करें कि मलाई को ज्यादा दिनों तक जमा करके न रखें - 2 से 3 दिन के अंदर ही इसका इस्तेमाल कर लें।
इस आसान ट्रिक की मदद से आप बिना ज्यादा मेहनत के, बिना बर्फ या मिक्सर के झंझट के, घर पर ही शुद्ध और खुशबूदार घी बना सकते हैं। अब गर्मी भी आपके इस काम में बाधा नहीं बनेगी, बल्कि किचन का यह काम और भी आसान हो जाएगा।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
