दिवाली का त्योहार हो और लजीज पकवान और स्वादिष्ट मिठाइयों की बात ना हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। जब घर परिवार के लोग इकट्ठा होते हैं तो एक से एक बेहतरीन चीजें बनाई जाती हैं जिससे दिवाल का जायका बढ़ जाता है। जाने-माने सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर ने खाने के ऐसे ही शौकीनों के लिए एक बहुत ही शानदार और सेहतमंद रेसिपी शेयर की है। इसका नाम है- वाइल्ड मशरूम और बादाम पॉट राइस। बादाम के क्रंच और मशरूम के बेहतरीन स्वाद वाली यह डिश खाने में जितनी टेस्टी और हेल्दी है, बनाने में उतनी ही आसान भी है। इसे लगभग 35 मिनट की तैयारी के बाद 25 मिनट में आसानी से बनाया जा सकता है।
मशरूम और बादाम से बनने वाले स्वादिष्ट पॉट राइस की आसान रेसिपी (Photo: Sanjeev Kapoor Youtube)
वाइल्ड मशरूम और बादाम पॉट राइस बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस शानदार रेसिपी को बनाने के लिए आपको कुछ खास सामग्रियों की जरूरत होगी। मुख्य सामग्री में 4-5 कटे हुए बटन मशरूम, 8-10 शिमेजी मशरूम, 3-4 भीगे हुए और कटे हुए शिटेक मशरूम, 15-20 साबुत बादाम, और 3 कप पके हुए चावल शामिल हैं। इसके अलावा 2 बड़े चम्मच तिल का तेल, डेढ़ बड़ा चम्मच कटा हुआ लहसुन, 1 बड़ा चम्मच कटा हुआ अदरक, 2 बड़े चम्मच कटा हुआ सेलरी, 2 ताजी लाल मिर्च, 1 मध्यम आकार की कटी हुई गाजर, 2-3 स्लाइस किए हुए हरे प्याज के बल्ब, 3-4 पाक चोय के टुकड़े, स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर, 1 बड़ा चम्मच डार्क सोया सॉस, 2 बड़े चम्मच रेड चिली सॉस, 4-5 कप वेजिटेबल स्टॉक, डेढ़ बड़ा चम्मच कॉर्नफ्लोर का घोल और सजावट के लिए स्प्रिंग अनियन की हरी पत्तियां चाहिए।
वाइल्ड मशरूम और बादाम पॉट राइस बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले बादाम को आधा-आधा काट लें। एक नॉन-स्टिक तवे या पैन में तिल का तेल गरम करें, उसमें लहसुन, अदरक और सेलरी डालकर एक मिनट के लिए भून लें। इसके बाद इसमें कटी हुई लाल मिर्च, गाजर और प्याज के बल्ब डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें बटन मशरूम, शिमेजी मशरूम और शिटेक मशरूम डालकर एक मिनट तक भूनें।
इसके बाद पैन में पाक चोय, नमक, काली मिर्च पाउडर और कटे हुए बादाम डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। फिर इसमें डार्क सोया सॉस और रेड चिली सॉस मिलाएं। अब वेजिटेबल स्टॉक डालकर उबाल आने दें और कॉर्नफ्लोर का घोल मिलाकर ग्रेवी को गाढ़ा करें। अंत में पके हुए चावल और स्प्रिंग अनियन डालकर मध्यम आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकाएं। गरमा-गरम परोसने से पहले इसे स्प्रिंग अनियन ग्रीन्स से सजाएं।
