Malai Chamcham Recipe in Hindi: मिठाई की दुकान से गुजरते वक्त यूं तो ढेर सारी मिठाइयां आपको अपनी तरफ खींचती हैं, लेकिन जब नजर मलाई चमचम पर पड़े तो कदम थं से जाते हैं। नरम, रसीली चमचम और उसके साथ मलाई का हल्का-मीठा स्वाद इस मिठाई को बेहद खास बनाता है। सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने इंस्टाग्राम पर एक आसान रेसिपी शेयर की है, जिसकी मदद से आप घर पर ही करीब आधे घंटे में यह शाही स्वादिष्ट मिठाई तैयार कर सकते हैं।
शेफ रणवीर बरार ने शेयर की मलाई चमचम की आसान रेसिपी
घर पर कैसे बनाएं मलाई चमचम
सबसे पहले चाशनी तैयार करने के लिए एक पैन में एक लीटर पानी, 500 ग्राम चीनी और दो हरी इलायची डालकर मिलाएं। इसे मध्यम आंच पर 10 से 12 मिनट तक पकने दें और एक तरफ रख दें।
मलाई का मिक्सचर बनाने के लिए दूसरे पैन में 700 मिलीलीटर दूध और चुटकीभर इलायची पाउडर डालकर हल्का उबालें। इसमें 110 ग्राम पिसी चीनी और दो-तीन चम्मच केसर का पानी मिलाएं। फिर किनारे कटे और चार हिस्सों में बंटे ब्रेड के टुकड़े डालकर दो-तीन मिनट पकाएं ताकि वे दूध सोख लें। अब इन ब्रेड के टुकड़ों को ट्रे में निकालकर अलग रखें। बचे दूध में 450 ग्राम मिल्क पाउडर और कुछ और ब्रेड के टुकड़े मिलाकर ब्लेंडर से चिकना पेस्ट तैयार कर लें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: काठी रोल कैसे बने कोलकाता की पहचान
चमचम बनाने के लिए क्या करें
चमचम बनाने के लिए 600 ग्राम ताजा पनीर को अच्छे से मसलकर मुलायम करें। इसमें एक-चौथाई कप मैदा और एक-चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। जरूरत के हिसाब से थोड़ा और मैदा और दो चम्मच सूजी डालकर नरम आटा गूंथ लें। इससे नींबू के आकार की लोइयां बनाकर मनचाहा आकार दें।
इन आकारों को तैयार चाशनी में डालकर 10 से 12 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद इन्हें ट्रे में निकालें, ऊपर से बची चाशनी डालें और थोड़ी देर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
कैसे सर्व करें मलाइ चमचम
आखिर में ठंडी चमचम को बीच से हल्का चीरा लगाकर उसमें मलाई का मिक्सचर और दूध में भीगी ब्रेड की परत रखें। ऊपर से पाइपिंग बैग की मदद से थोड़ा और मलाई मिक्सचर सजाएं। टूटी-फ्रूटी, कटे बादाम और पिस्ता, चांदी का वर्क, कटी चेरी और गुलाब की ताजी पंखुड़ियों से सजाकर इसे परोसें।
त्योहार हो या घर पर कोई खास मौका, कम समय में बनी यह घर की मलाई चमचम मेहमानों और परिवार वालों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए काफी है।
