Mouth Ulcers: गर्मी का मौसम अपने साथ तेज धूप, पसीना, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी कई परेशानियां लेकर आता है। इन्हीं समस्याओं में एक मुंह के छाले भी हैं, जो इन दिनों में देखने को मिलते हैं। मुंह के छाले देखने में भले ही छोटे होते हैं, लेकिन इनका दर्द खाना-पीना और बोलना तक मुश्किल कर देता है। कई लोगों को गर्मी बढ़ते ही बार-बार छालों की शिकायत होने लगती है। इसके अलावा मसालेदार खाना खाते समय जलन, पानी पीते समय दर्द और जीभ या होंठ के अंदर सफेद घाव जैसी स्थिति जीवन को असहज बना देती है।
आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा दोनों ही मानते हैं कि गर्मियों में शरीर में बढ़ी हुई गर्मी, पानी की कमी और खानपान की गड़बड़ी मुंह के छालों का प्रमुख कारण बन सकती है। हालांकि अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू उपाय और सही लाइफस्टाइल को अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है। गर्मियों में क्यों बढ़ जाती है मुंह के छालों (Summer Mouth Ulcers) की समस्या इस सवाल को लेकर हमने बात की शारदा हॉस्पिटल, के आंतरिक चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ सलाहकार, डॉ. श्रेय श्रीवास्तव से।
गर्मियों में क्यों हो जाते है मुंह के छाले?
गर्मी के मौसम में मुंह के छालों की समस्या काफी आम हो जाती है। डॉ. श्रेय श्रीवास्तव के अनुसार, इसका सबसे बड़ा कारण शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन है। जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो मुंह सूखने लगता है और उसकी अंदरूनी परत संवेदनशील हो जाती है, जिससे छाले बनने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा गर्मियों में मसालेदार, तला-भुना और अत्यधिक गर्म भोजन का सेवन भी मुंह की त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। अधिक पसीना आने के कारण शरीर से जरूरी विटामिन और मिनरल्स भी बाहर निकल जाते हैं, जिससे विटामिन B12, आयरन और फोलिक एसिड की कमी हो सकती है। पेट की गर्मी, कब्ज, तनाव, अपर्याप्त नींद और मुंह की साफ-सफाई में लापरवाही भी इस समस्या को बढ़ाने वाले प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
गर्मी में मुंह में छाले होने के प्रमुख कारण
- शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) होना।
- अत्यधिक मसालेदार, तला-भुना और गरम भोजन का सेवन।
- विटामिन B12, आयरन और फोलिक एसिड की कमी।
- पेट की गर्मी, कब्ज और पाचन संबंधी समस्याएं।
- तनाव, चिंता और पर्याप्त नींद न लेना।
- मुंह की साफ-सफाई का ठीक से ध्यान न रखना।
मुंह के छालों के प्रमुख लक्षण
यदि आपको गर्मी के दिनों में मुंह के अंदर आगे बताए कुछ खास संकेत दिखाई दें तो यह मुंह के छालों की ओर इशारा हो सकता है।
- मुंह के अंदर सफेद या पीले घाव
- घाव के आसपास लालपन
- तीखा या खट्टा खाने पर दर्द
- जीभ में जलन
- भोजन निगलने में परेशानी
- मुंह में बार-बार चुभन

मुंह में छाले होने के कारण
गर्मी के छालों से राहत पाने के असरदार घरेलू उपाय
गर्मी के दिनों में छालों की समस्या से राहत पाने के लिए कुछ असरदार उपाय अपनाए जा सकते हैं। छालों के लिए घरेलू और आयुर्वेदिक उपायों के बारे में जानने के लिए हमने बात की आयुर्वेद की एक्सपर्ट और स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा से।
1. नारियल पानी का सेवन करें
गर्मी में नारियल पानी का सेवन शरीर को ठंडक देने का काम करता है। यह शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करता है। नियमित रूप से नारियल पानी पीने से शरीर की गर्मी कम होती है, जिससे छालों में राहत मिल सकती है।
2. शहद का इस्तेमाल करें
छालों से राहत पाने के लिए शहद का इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता है। शहद में प्राकृतिक एंटी बैक्टीरियल और सूजन कम करने वाले गुण पाए जाते हैं। यदि साफ उंगली या कॉटन की मदद से छाले पर थोड़ा शहद लगाते हैं, तो आपको तेजी से आराम मिल सकता है।
3. तुलसी की पत्तियां चबाएं
तुलसी को आयुर्वेद में औषधीय गुणों का खजाना माना गया है। इसका इस्तेमाल न केवल पूजा में किया जाता है, बल्कि इसे कई तरह के रोगों में भी प्रयोग किया जाता है। सुबह और शाम 4-5 तुलसी की पत्तियां चबाने से मुंह की सफाई बनी रहती है और छालों में राहत मिल सकती है।
4. मुलेठी का उपयोग
मुलेठी का इस्तेमाल भी छालों के इलाज में किया जाता है। मुलेठी में सूजन कम करने वाले गुण पाए जाते हैं, जो आपको छालों के दर्द और सूजन से राहत दिलाती है। मुलेठी के पानी से कुल्ला करने से मुंह की जलन और दर्द कम हो सकता है।
5. छाछ का इस्तेमाल करें
खाने के साथ छाछ का इस्तेमाल आपने अक्सर किया होगा। छाछ में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इसके साथ ही ठंडी छाछ पीने से मुंह और पेट को ठंडक मिलती है और छालों की परेशानी कम हो सकती है।
6. एलोवेरा जेल
एलोवेरा अपनी ठंडक और हीलिंग गुणों के लिए जाना जाता है। गर्मियों में अक्सर स्किन के लिए एलोवेरा के इस्तेमाल की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही छाले वाली जगह पर थोड़ी मात्रा में एलोवेरा जेल लगाने से जलन कम हो सकती है और घाव तेजी से भरने लगता है।
7. नमक के पानी से कुल्ला
हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाकर कुल्ला करना एक पुराना और प्रभावी घरेलू उपाय माना जाता है। इससे मुंह की सफाई होती है और संक्रमण का खतरा कम हो सकता है। मुंह के छालों को ठीक करने में यह नुस्खा कारगर साबित हो सकतै है।
8. घी का इस्तेमाल करें
रात में सोने से पहले छाले पर थोड़ा देसी घी लगाने से समस्या से जल्द आराम मिल सकता है। घी मुंह की स्किन को नमी प्रदान करता है और जलन कम करने में मदद करता है।
मुंह के छालों से बचाव के लिए लाइफस्टाइल में करें ये जरूरी बदलाव
- मुंह की सफाई का रखें ध्यान
- पर्याप्त नींद लें
- तनाव को नियंत्रित करें
- धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाएं

मुंह के छालों से बचाव के उपाय
छाले होने पर कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है?
ज्यादातर छाले 7 से 14 दिनों के अंदर ठीक हो जाते हैं। लेकिन कुछ परिस्थितियों में चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी हो सकता है। आगे बताई गईं स्थितियों में डॉक्टर कारण की जांच कर उचित उपचार की सलाह दे सकते हैं।
- छाले दो सप्ताह से ज्यादा समय तक बने रहें
- दर्द बहुत ज्यादा हो
- बार-बार छाले निकल रहे हों
- खाना-पीना मुश्किल हो जाए
- बुखार के साथ छाले हों
- मुंह में बड़े आकार के घाव बन जाएं
मुंह के छाले गर्मियों में होने वाली एक आम लेकिन बेहद परेशान करने वाली समस्या हैं। शरीर में बढ़ी हुई गर्मी, पानी की कमी, खराब खानपान, तनाव और पाचन संबंधी गड़बड़ियां इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। हालांकि नारियल पानी, छाछ, शहद, तुलसी, एलोवेरा और पर्याप्त पानी जैसे सरल घरेलू उपायों के जरिए काफी राहत पाई जा सकती है। इसके बाद भी यदि राहत न मिले तो आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
