हेल्थ

Period Cramps: पीरियड्स के दौरान पेट में उठता है तेज दर्द और ऐंठन? राहत दिला सकती हैं ये 10 आयुर्वेदिक चीजें

Ayurvedic Foods For Period Cramps Relief: क्या आपको भी पीरियड्स के दौरान पेट दर्द, ऐंठन और ब्लोटिंग बहुत करती है? तो आयुर्वेदाचार्य के बताए ये 10 आयुर्वेदिक शरीर को ताकत देने और पीरियड जर्नी को आरामदायक बनाने में मदद कर सकते हैं।

Image

पीरियड क्रैम्प्स से राहत देंगे ये 10 आयुर्वेदिक फूड

Ayurvedic Foods For Period Cramps Relief: हर महीने पीरियड्स आते ही कई महिलाओं की परेशानी शुरू हो जाती है। किसी को पेट में तेज दर्द होता है, तो किसी को कमर दर्द, पेट फूलना, थकान या चिड़चिड़ापन महसूस होता है। कई महिलाएं इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देती हैं, लेकिन हर महीने दर्द सहना जरूरी नहीं है।

आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ इंफ्लुएंसर डॉ. दीक्षा भावसार सवालिया का कहना है कि हमारे किचन में मौजूद कुछ साधारण चीजें पीरियड्स के दौरान होने वाली कई परेशानियों को कम करने में मदद कर सकती हैं। सही खानपान शरीर को अंदर से पोषण देता है, जिससे दर्द, ऐंठन और कमजोरी जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं ऐसे 10 आयुर्वेदिक फूड्स के बारे में, जिन्हें पीरियड्स के दिनों में अपनी डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।

पीरियड क्रैंप्स से राहत के लिए 10 आयुर्वेदिक फूड्स - Ayurvedic Foods To Ease Period Cramps

1. अदरक

अगर पीरियड्स के दौरान पेट में ऐंठन या भारीपन महसूस होता है तो अदरक आपके काम आ सकती है। डॉ. दीक्षा के अनुसार अदरक शरीर में होने वाली सूजन को कम करने में मदद करती है। आप दिन में एक-दो बार अदरक की चाय पी सकती हैं या इसे दाल और सब्जी में भी डाल सकती हैं।

2. सौंफ

सौंफ सिर्फ माउथ फ्रेशनर नहीं है। यह पीरियड्स के दौरान पेट फूलने और गैस की समस्या को कम करने में मदद कर सकती है। खाना खाने के बाद एक चम्मच सौंफ चबाना या सौंफ की चाय पीना फायदेमंद माना जाता है।

3. A2 गाय का घी

आयुर्वेद में घी को बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। डॉ. दीक्षा के अनुसार A2 गाय का घी शरीर को पोषण देने और दर्दनाक ऐंठन को कम करने में मदद कर सकता है। इसे खिचड़ी, दाल या गर्म चावल के साथ खाया जा सकता है।

4. पका हुआ केला

पीरियड्स के दौरान कमजोरी और मूड खराब होना आम बात है। केला शरीर को ऊर्जा देता है और मांसपेशियों को आराम पहुंचाने में मदद कर सकता है। इसे सुबह या दोपहर के स्नैक के रूप में खाया जा सकता है।

5. हल्दी

हल्दी लगभग हर भारतीय रसोई में मौजूद होती है। इसमें ऐसे गुण पाए जाते हैं जो शरीर की सूजन और दर्द को कम करने में मदद कर सकते हैं। रात को हल्दी वाला दूध पीना या खाने में हल्दी का इस्तेमाल करना अच्छा विकल्प हो सकता है।

6. काली किशमिश

पीरियड्स के दौरान कई महिलाओं को कमजोरी महसूस होती है। ऐसे में रातभर भिगोई हुई काली किशमिश खाना फायदेमंद हो सकता है। यह शरीर को ऊर्जा देने और थकान कम करने में मदद कर सकती है।

7. खजूर

जब शरीर में कमजोरी महसूस हो रही हो, तब खजूर अच्छा विकल्प बन सकता है। डॉ. दीक्षा के अनुसार रोज 2-3 खजूर खाने से शरीर को प्राकृतिक ऊर्जा मिलती है। इसे बादाम या अखरोट के साथ भी खाया जा सकता है।

8. पेठा (ऐश गॉर्ड)

पीरियड्स के दौरान कुछ महिलाओं को शरीर में गर्मी और बेचैनी महसूस होती है। ऐसे में पेठा मददगार हो सकता है। इसे सब्जी, सूप या जूस के रूप में लिया जा सकता है। हालांकि इसे अपनी पाचन क्षमता के अनुसार ही खाना चाहिए।

9. कद्दू के बीज

कद्दू के बीज पोषण से भरपूर होते हैं। इन्हें रोज थोड़ी मात्रा में खाने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं। आप इन्हें सलाद, दही या स्नैक के रूप में खा सकती हैं।

10. गर्म मूंग दाल खिचड़ी

पीरियड्स के दिनों में बहुत ज्यादा मसालेदार या भारी खाना खाने से पेट की परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे समय में मूंग दाल की गर्म खिचड़ी अच्छा विकल्प हो सकती है। यह हल्की होती है, जल्दी पचती है और शरीर को जरूरी पोषण भी देती है।

ध्यान रखें ये बात

डॉ. दीक्षा भावसार सवालिया के मुताबिक ये सभी चीजें शरीर को सपोर्ट करने में मदद कर सकती हैं, लेकिन अगर पीरियड्स का दर्द बहुत ज्यादा हो, बार-बार दर्द की दवा लेनी पड़ रही हो या रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हों, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। सही खानपान, पर्याप्त आराम और अच्छी जीवनशैली पीरियड्स को काफी हद तक आसान बना सकती है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article