Cannes Film Festival का नाम सुनते ही कभी दिमाग में शानदार फिल्मों, इंटरनेशनल डायरेक्टर्स और सिनेमाई कला की झलक उभरती थी। लेकिन समय के साथ इस पॉपुलर फिल्म फेस्टिवल की पहचान काफी बदल चुकी है। अब कान्स की चर्चा फिल्मों से ज्यादा रेड कार्पेट फैशन, ग्लैमरस लुक्स और वायरल स्टाइल मोमेंट्स के लिए होने लगी है। कौन-सी एक्ट्रेस किस डिजाइनर का आउटफिट पहनकर पहुंची, किसका मेकअप सबसे यूनिक रहा और किस स्टार ने कैमरों की सबसे ज्यादा लाइमलाइट बटोरी, ये बातें अब फिल्मों से ज्यादा सुर्खियां बनाती हैं।
दरअसल, कान्स अब सिर्फ एक फिल्म समारोह नहीं रहा, बल्कि ग्लोबल फैशन इंडस्ट्री का सबसे बड़ा मंच बन चुका है। दुनिया के बड़े फैशन हाउस, लग्जरी ब्रांड्स और इंटरनेशनल डिजाइनर्स हर साल यहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं। रेड कार्पेट अब ऐसा प्लेटफॉर्म बन गया है, जहां सितारे केवल फिल्मों को प्रमोट नहीं करते, बल्कि अपनी पर्सनैलिटी, स्टाइल और फैशन स्टेटमेंट भी दुनिया के सामने पेश करते हैं।
रेड कार्पेट की चमक है असली अट्रैक्शन
आज कई लोग कान्स में दिखाई गई फिल्मों के नाम भूल जाते हैं, लेकिन किसी स्टार का रेड कार्पेट लुक सालों तक याद रखते हैं। लंबे ट्रेल वाले गाउन, एक्सपेरिमेंटल सिल्हूट, चमकदार जूलरी और हाई-फैशन स्टाइलिंग अब कान्स की पहचान बन चुके हैं। यहां आने वाले सितारे महीनों पहले से अपने लुक की तैयारी शुरू कर देते हैं। डिजाइनर, स्टाइलिस्ट, हेयर एक्सपर्ट और मेकअप आर्टिस्ट मिलकर ऐसा लुक तैयार करते हैं, जो अगले ही पल सोशल मीडिया पर वायरल हो जाए।
सोशल मीडिया ने बदल दी पूरी तस्वीर
पहले कान्स की तस्वीरें अगले दिन अखबारों और फैशन मैगजीन में देखने को मिलती थीं, लेकिन अब Instagram, TikTok और YouTube के दौर में हर लुक कुछ ही मिनटों में दुनियाभर में पहुंच जाता है। इसी वजह से फैशन अब सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्लोबल इमेज और पॉपुलैरिटी का हिस्सा बन गया है। ‘Best Dressed’ लिस्ट, वायरल वीडियो और रेड कार्पेट रिएक्शन आज कान्स का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
भारतीय सितारों ने भी बढ़ाया ग्लैमर
ऐश्वर्या से लेकर दीपिका, आलिया, प्रियंका तक, भारतीय सितारों ने कान्स को भारत में बेहद लोकप्रिय बनाया है। कभी साड़ी में तो कभी हाई-फैशन गाउन वाला ये इंडियन और इंटरनेशनल फैशन का फ्यूजन ही लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है।
हालांकि, फैशन को ज्यादा कवरेज मिलने का मतलब यह नहीं है कि फिल्मों की अहमियत कम हो गई है। आज भी कान्स दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में गिना जाता है, जहां बेहतरीन फिल्मों और नए फिल्मकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलती है।
