पहले हमारे घरों में सुबह के नाश्ते का मतलब तय था। कहीं पोहा बनता था, कहीं उपमा, कहीं पराठा-सब्जी तो कहीं इडली-सांभर। अंडा और टोस्ट भी नाश्ते का हिस्सा होते थे। कहने का मतलब ये है कि सुबह का नाश्ता हमेशा सा हल्का-फुल्का रहा है। हालांकि अब ये चीज तेजी से बदली है।
पहले से इतना क्यों बदल गया ब्रेकफास्ट, जानें नाश्ते में अब क्यों खाया जा रहा है लंच-डिनर जैसा खाना (Photo: iStock)
अब सुबह की प्लेट तेजी से बदल रही है। नाश्ता सिर्फ हल्का और जल्दी खा लेने वाला खाना नहीं रह गया है। फिटनेस और प्रोटीन को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच कई लोगों की सुबह की प्लेट में अब ऐसा खाना पहुंच रहा है, जिसे कुछ साल पहले तक लंच या डिनर का हिस्सा माना जाता था। यही वजह है कि आजकल स्टेक, चिकन, अंडे, सब्जियों और प्रोटीन से भरपूर भारी प्लेटें भी ब्रेकफास्ट टेबल पर दिखाई दे रही हैं।
ब्रेकफास्ट में क्यों आया बदलाव
इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ा कारण फिटनेस कल्चर और प्रोटीन को लेकर बढ़ी दिलचस्पी है। जिम जाने वाले लोग अब सिर्फ कैलोरी गिनने के बजाय यह भी देख रहे हैं कि उनके खाने में कितना प्रोटीन, फाइबर और दूसरे पोषक तत्व हैं। नाश्ते में अंडे, पनीर, दही, चिकन या दूसरे प्रोटीन स्रोत शामिल करने का चलन इसी सोच से जुड़ा है।
सुबह पर्याप्त प्रोटीन लेने से भोजन ज्यादा संतोषजनक लगता है और कुछ लोगों को लंबे समय तक भूख कम महसूस होती है। पहले ये माना जाता था कि नाश्ता हल्का होना चाहिए। अब ऐसे मानने वाले ज्यादा हैं कि नाश्ता थोड़ा हैवी होना चाहिए। इसी कारण वो एक ही साथ काफी कुछ खा लेना चाहते हैं।
क्या भारी नाश्ता हर किसी के लिए जरूरी है?
सुबह भारी खाना खाना अपने आप में ज्यादा हेल्दी होने की गारंटी नहीं है। किसी व्यक्ति की डाइट उसकी उम्र, शारीरिक गतिविधि, स्वास्थ्य और दिनभर की कुल पोषण जरूरत पर निर्भर करती है। अगर कोई व्यक्ति सुबह मेहनत या एक्सरसाइज करता है, तो उसे ज्यादा ऊर्जा और प्रोटीन की जरूरत हो सकती है। वहीं किसी दूसरे व्यक्ति के लिए हल्का लेकिन संतुलित नाश्ता पर्याप्त हो सकता है।
असल मुद्दा यह नहीं कि नाश्ता अब डिनर जैसा दिख रहा है। सवाल यह है कि उस प्लेट में क्या है और वह आपके शरीर की जरूरत पूरी कर रही है या नहीं। यानी नाश्ते की पुरानी पहचान भले बदल रही हो, लेकिन एक बात नहीं बदलनी चाहिए- सुबह की पहली प्लेट स्वाद के साथ संतुलित और पौष्टिक भी हो।
