सर्दियां आ गई हैं। मौसम में ठंडक और बाजार में भरपूर पालक दिखने लगी है। पालक को सेहत का खजाना माना जाता है। इसमें आयरन, विटामिन और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। वैसे बाजार से पालक खरीदते समय सिर्फ उसका हरा रंग देखना काफी नहीं है। कुछ पत्ते बाहर से ठीक दिख सकते हैं, लेकिन उनकी हालत बता देती है कि अब उन्हें खाने से बचना चाहिए। आइए जानते हैं किस तरह का पालक नहीं खाना चाहिए:
किस तरह का पालक नहीं खाना चाहिए (Photo: iStock)
पीले और बहुत ज्यादा मुरझाए पत्ते
अगर पालक के ज्यादातर पत्ते पीले पड़ गए हैं, बहुत ज्यादा मुरझाए हुए हैं या उनकी ताजगी पूरी तरह खत्म हो चुकी है, तो ऐसे पालक से बचना बेहतर है। हल्का मुरझाना हमेशा खराब होने का संकेत नहीं होता, लेकिन अगर इसके साथ रंग और बनावट भी बदल गई हो तो उसे इस्तेमाल करने के बजाय फेंक देना सुरक्षित विकल्प है।
चिपचिपे या लिसलिसे पत्ते
पालक के पत्तों पर हाथ लगाने पर अगर वे सामान्य से ज्यादा चिपचिपे या लिसलिसे महसूस हों, तो उन्हें खाने से बचें। यह खराब होने का संकेत हो सकता है। पत्तों की सतह पर असामान्य चिकनाहट, गीली सड़न या बहुत नरम पड़ चुकी बनावट को नजरंदाज नहीं करना चाहिए।
सड़न, काले धब्बे या फफूंदी
पालक में अगर सड़न दिखाई दे रही है, काले या भूरे धब्बे तेजी से फैल रहे हैं या कहीं फफूंदी नजर आ रही है, तो ऐसे पत्ते इस्तेमाल न करें। खाद्य सुरक्षा से जुडे दिशानिर्देश भी दिखाई देने वाली सड़न या खराबी वाले पत्तेदार साग को इस्तेमाल न करने की सलाह देते हैं।
बहुत टूटे-फटे और चोट लगे पत्ते
पालक के कुछ पत्ते बाजार से आते समय टूटे या दबे हुए हो सकते हैं। मामूली नुकसान वाले हिस्से को काटकर बाकी पालक इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन अगर पत्ते बुरी तरह कुचले हुए हैं, जगह-जगह चोट लगी है या उसी हिस्से में सड़न शुरू हो गई है, तो उसे छोड़ देना बेहतर है। FDA भी फलों और सब्जियों के क्षतिग्रस्त या चोट लगे हिस्सों को काटकर हटाने की सलाह देता है।
बदबू आ रही हो तो बिल्कुल न खाएं
पालक से सामान्य मिट्टी जैसी गंध आ सकती है, लेकिन अगर उसमें तेज, खट्टी या सड़न जैसी बदबू आ रही है तो उसे इस्तेमाल न करें। अगर किसी खाद्य पदार्थ का रंग, गंध या बनावट संदिग्ध लगे तो उसे फेंक देना सबसे सुरक्षित तरीका है।
पालक धोने का सही तरीका क्या है
पालक को इस्तेमाल करने से पहले साफ बहते पानी के नीचे अच्छी तरह धोएं। पत्तों के बीच फंसी मिट्टी और गंदगी को हटाने के लिए पत्तों को अलग-अलग करके धोना बेहतर है। सिर्फ पानी से धोना पर्याप्त सफाई में मदद करता है, लेकिन यह सभी हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म करने की गारंटी नहीं देता। पालक को धोने के लिए साबुन, डिटर्जेंट या घरेलू क्लीनर का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
यानी अगली बार पालक खरीदते समय सिर्फ यह मत देखिए कि पत्ते कितने हरे हैं। उनकी ताजगी, बनावट, गंध और किसी भी तरह की सड़न को भी जरूर जांचिए। हरी सब्जी तभी फायदेमंद है, जब वह ताजा और सही तरीके से संभाली गई हो।
