Achanak pimple kyu hote hai: अक्सर हम सोचते हैं कि मुंहासे सिर्फ टीनएज की समस्या होते हैं, लेकिन आजकल 30-40 की उम्र में भी अचानक पिंपल्स निकलना काफी आम हो गया है। कई लोग हैरान हो जाते हैं कि अच्छी स्किन के बाद भी अचानक ब्रेकआउट क्यों होने लगे। एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसका सीधा कनेक्शन हमारी लाइफस्टाइल से है। अमृता अस्पताल, फरीदाबाद के स्किन एक्सपर्ट (डर्मेटोलॉजिस्ट) और सीनियर कंसल्टेंट डॉ. सचिन गुप्ता के अनुसार - स्ट्रेस, खराब नींद और ज्यादा शुगर लेने जैसी आदतें हमारी स्किन को अंदर से प्रभावित करती हैं, जिससे अचानक एक्ने की समस्या बढ़ सकती है।
अचानक पिंपल होने का कारण - Sudden Pimple Causes
स्ट्रेस बन सकता है सबसे बड़ा ट्रिगर
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. सचिन गुप्ता बताते हैं कि ज्यादा तनाव लेने से शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं। खासकर कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ जाता है, जो ऑयल प्रोडक्शन को बढ़ाता है। इससे पोर्स बंद हो जाते हैं और मुंहासे निकलने लगते हैं। यानी जितना ज्यादा स्ट्रेस, उतनी ज्यादा स्किन की समस्या।
नींद की कमी भी देती है स्किन को झटका
अगर आप रोज ठीक से नींद नहीं ले रहे हैं, तो इसका असर सीधे आपकी स्किन पर दिखता है। एक्सपर्ट के अनुसार, नींद पूरी न होने से स्किन की रिपेयरिंग प्रोसेस स्लो हो जाती है। इससे पिंपल्स, डलनेस और इंफ्लेमेशन बढ़ने लगता है।
ज्यादा शुगर लेना बढ़ा सकता है एक्ने
मीठा खाने के शौकीन लोगों के लिए यह जरूरी जानकारी है। ज्यादा शुगर लेने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है, जिससे इंसुलिन स्पाइक होता है। इससे स्किन में ऑयल और सूजन बढ़ती है, जो एक्ने का कारण बन सकती है।
हार्मोनल बदलाव भी हैं जिम्मेदार
30-40 की उम्र में शरीर में कई हार्मोनल बदलाव होते हैं, खासकर महिलाओं में। ये बदलाव स्किन के ऑयल बैलेंस को प्रभावित करते हैं, जिससे अचानक ब्रेकआउट होने लगते हैं।
गलत स्किन केयर रूटीन भी नुकसानदायक
डॉ. सचिन गुप्ता बताते हैं कि कई बार लोग उम्र के हिसाब से सही स्किनकेयर नहीं अपनाते। बहुत ज्यादा प्रोडक्ट्स या गलत प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से स्किन इरिटेट हो सकती है, जिससे एक्ने बढ़ जाता है।
क्या करें बचाव के लिए?
डॉक्टर सलाह देते हैं कि स्ट्रेस को कंट्रोल करें, रोज 7-8 घंटे की नींद लें और शुगर का सेवन सीमित रखें। साथ ही हल्का और सही स्किनकेयर रूटीन अपनाएं। अगर समस्या ज्यादा बढ़े तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जरूर सलाह लें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
