Femina Miss India Grand Finale: भारत की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक फेमिना मिस इंडिया का 61 वां ग्रैंड फिनाले इस बार एक खास मंच पर आयोजित होने जा रहा है। साल 2026 में इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम की मेजबानी Kalinga Institute of Industrial Technology (KIIT), भुवनेश्वर करेगा। इस आयोजन की तारीख 18 अप्रैल 2026 तय की गई है, जिसे लेकर फैशन और ग्लैमर जगत में उत्साह का माहौल है। हाल ही में KIIT (कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी) और वर्ल्डवाइड मीडिया ने एक महत्वपूर्ण साझेदारी की घोषणा की है। यह साझेदारी KIIT भुवनेश्वर में 61वीं फेमिना मिस इंडिया ग्रैंड फिनाले के आयोजन के लिए हुई है। इस साझेदारी के तहत, KIIT और फेमिना मिस इंडिया का लक्ष्य युवा भारत के प्रतिभा, महत्वाकांक्षा और आत्मा का जश्न मनाना है। यह आयोजन इस बात को दर्शाता है कि शिक्षा और रचनात्मकता जब एक साथ आते हैं, तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा बन सकते हैं।
फेमिना मिस इंडिया 2026 ग्रैंड फिनाले
शिक्षा और सशक्तिकरण का मंच
KIIT के संस्थापक, प्रो. डॉ. अच्युत सामंत ने कहा कि, "शिक्षा का उद्देश्य केवल कक्षा तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिक्षा का असली मकसद ऐसे व्यक्तित्वों को तैयार करना है जो समाज में बदलाव ला सकें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।" उन्होंने आगे बताया कि KIIT हमेशा से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देता रहा है। ऐसे में फेमिना मिस इंडिया जैसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करना संस्थान के लिए गर्व की बात है।
देश भर से प्रतिभागी होंगे शामिल
इस साल के फेमिना मिस इंडिया मंच पर भारत के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 30 प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। ये प्रतिभागी केवल अपनी सुंदरता ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक सोच के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश करेंगी। यह मंच भारत की सांस्कृतिक विविधता और युवा महिलाओं की ताकत को भी उजागर करेगा।
फेमिना मिस इंडिया 2026 की थीम क्या है
फेमिना मिस इंडिया 2026 की थीम "Connecting the DOTS" है, जहां DOTS का मतलब "Daughters of This Soil" है। इस पहल का उद्देश्य देश की बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और समाज में उनके योगदान को सम्मान देना है। इस थीम के जरिए भारत की विविधता, संस्कृति और महिलाओं की शक्ति को एक साथ मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी।
फेमिना मिस इंडिया केवल एक ब्यूटी पेजेंट नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा मंच है जो युवा महिलाओं को आत्मविश्वास, पहचान और अवसर प्रदान करता है। इस प्रतियोगिता ने वर्षों से कई प्रतिभाशाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मौका दिया है।
