NGC 6496: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) लगातार ब्रह्मांड के अद्भुत नजारों को हबल स्पेस टेलीस्कोप, जेम्स वेब टेलीस्कोप इत्यादि की मदद से कैप्चर करता है और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समय-समय पर जारी करता रहता है। हाल ही में नासा ने 10 अरब साल पुराने एक गोलाकार क्लस्टर (Globular Cluster) की आश्चर्यजनक तस्वीर साझा की है, जिसे भारी धातु का बताया गया है।
गोलाकार क्लस्टर (फोटो साभार: NASA)
NASA ने जारी की तस्वीर
नासा द्वारा साझा किए गए गोलाकार क्लस्टर की तस्वीर को हबल स्पेस टेलीस्कोप और यूरोपीय स्पेस एजेंसी (ESA) की मदद से कैप्चर किया गया है। इस गोलाकार क्लस्टर में धातुओं की सांद्रता उल्लेखनीय रूप से अधिक है। इसमें हाइड्रोजन और हीलियम से भारी तत्व मौजूद हैं।
गोलाकार क्लस्टर पृथ्वी से लगभग 35,000 प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। आमतौर पर तारकीय क्लस्टर्स में हाइड्रोजन और हीलियम जैसे तत्व होते हैं, लेकिन इस क्लस्टर में इससे भारी धातु मौजूद है। बकौल नासा, एनजीसी 6496 के तारे बेहद अनोखे हैं और समय-समय पर इनमें बदलाव होता रहता है। इनकी चमक लगभग हजार दिन या उससे अधिक समय में बदलती रहती है। साथ ही इस क्लस्टर में बाइनरी तारे भी मौजूद हैं, जिनकी चमक दूसरे तारे के पास से गुजरने पर फीकी हो जाती है।
मंत्रमुग्ध करने वाला नजारा
नासा की तस्वीर देखकर अंतरिक्षप्रेमी मंत्रमुग्ध हो गए और तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। इंस्ट्राग्राम पर एक यूजर ने लिखा कि हम ब्रह्मांड में धूल के कण के समान हैं, जबकि अन्य यूजर ने लिखा कि यह बेहद चमकीला है।
काले अंतरिक्ष की रंगील रोशनी
इन तारों की चमक में जिस प्रकार से बदलाव हो रहा है उससे वैज्ञानिकों को इसके बारे में और जानने का मौका मिल सकता है। इस तस्वीर में अलग-अलग आकार के बेहद चमकीले तारे नजर आ रहे हैं, जिनकी बदौलत अंधकारमय काला अंतरिक्ष रंगीन रोशनी से जगमगा रहा है। कई तारे नीली तो कुछ पीली रोशनी के साथ दमक रहे हैं।
