Tsuchinshan-ATLAS Comet: अगर आपको खगोलीय घटनाएं लुभाती हैं तो कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, क्योंकि रात के समय आसमान में एक बेहद दुर्लभ 'शैतान' धूमकेतु देखने का समय आ गया है। खगोलविदों को उम्मीद है कि धूमकेतु C/2023 A3 (Tsuchinshan-ATLAS), जिसे हम शैतान धूमकेतु कह रहे हैं, वह अब दिखाई दे सकता है।
धूमकेतु (फोटो साभार: NASA अंतरिक्ष यात्री https://x.com/astro_Pettit)
कब दिखेगा धूमकेतु?
'शैतान' धूमकेतु सितंबर के अंत और अक्टूबर के मध्य तक दिखाई दे सकता है, लेकिन इसे देखने का सबसे बढ़िया समय 27 सितंबर की रात है। हालांकि, उत्तरी गोलार्ध में अंतरिक्ष प्रेमी 27 सितंबर और 2 अक्टूबर के बीच सूर्योदय से लगभग 30 मिनट पहले धूमकेतु को देख पाएंगे।
यह भी पढ़ें: मंगल ग्रह पर पहली बार दिखी रहस्यमयी चट्टान, NASA वैज्ञानिकों के पास भी नहीं है ज्यादा जवाब! काम में जुटा रोवर
क्या नंगी आंखों से देख सकेंगे धूमकेतु?
खगोलविदों को उम्मीद है कि 80,000 साल बाद दिखाई देने वाला बेहद दुर्लभ C/2023 A3 (Tsuchinshan-ATLAS) नग्न आंखों से देखा जा सकेगा। माना जा रहा है कि अक्टूबर के मध्य में शाम के समय धूमकेतु आसमान में नंगी आंखों से दिखाई दे सकता है। बता दें कि धूमकेतु अस्थिर होते हैं और उनका पूर्वानुमान लगाना थोड़ा मुश्किल होता है। ऐसे में बेहतर है कि एक बेहतर दूरबीन अपने पास रखें।
धूमकेतु (प्रतीकात्मक तस्वीर)
लाइव साइंस की रिपोर्ट के मुताबिक, आपको धूमकेतु की एक बड़ी धूल भरी पूंछ दिखाई देगी। हालांकि, नजारा कितना चमकदार होगा? अभी इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया है, लेकिन कुछ खगोलविदों का अनुमान है कि यह रात के आसमान में 20 सबसे चमकीले तारों जितना चमकीला हो सकता है।
पृथ्वी के ऊपर कैप्चर हुआ था 'शैतान'
कुछ वक्त पहले NASA के एस्ट्रोनॉट मैथ्यू डॉमिनिक ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से 'शैतान' धूमकेतु को पृथ्वी के ऊपर कैप्चर किया था। इसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी किया था। मैथ्यू डॉमिनिक ने बताया था कि आईएसएस की खिड़कियों के बाहर धूमकेतु त्सुचिनशान-एटलस नंगी आंखों से एक धुंधले तारे जैसा दिखता है।
कहां से आया शैतान धूमकेतु
ऐसा माना जाता है कि 'शैतान' धूमकेतु सौरमंडल के ऊर्ट क्लाउड से आया होगा। ऊर्ट क्लाउड ऐसा क्षेत्र है जिसे अब तक नहीं देखा गया है।
