मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया के सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र केमें आयोजित जनसभा को संबोधित किया। माफिया और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया का पूरी तरह सफाया कर दिया गया है और अब बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। सीएम योगी ने कहा, “माफिया को कुचल दिया गया है, पूरी तरह से साफ कर दिया गया है। जो बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके लिए केवल दो जगह हैं या तो जेल या जहन्नुम, तीसरा कोई विकल्प नहीं है।”
सीएम योगी बोले- एक परिवार के 5 सांसदों से बची है पार्टी, जल्द होगा जनता दल जैसा हाल। ANI
राज्य में अब ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में ‘एक जिला, एक माफिया’ की जगह ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी नीति के तहत देवरिया और कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। योगी ने दावा किया कि सरकार ने जिस तरह माफिया पर कार्रवाई की है, उसी तरह इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी को भी खत्म करने में सफलता हासिल की है।
‘इंसेफेलाइटिस सिर्फ बीमारी नहीं, बीमार मानसिकता थी’
योगी आदित्यनाथ ने इंसेफेलाइटिस को लेकर पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस केवल एक बीमारी नहीं थी, बल्कि यह उस समय की “बीमार मानसिकता” का प्रतीक थी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में मासूमों की जान जाती रही, लेकिन शासन और प्रशासन ने इस ओर पर्याप्त संवेदनशीलता नहीं दिखाई।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 40 वर्षों के दौरान इंसेफेलाइटिस के कारण 50 हजार से अधिक मासूमों की जान गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय न तो समाजवादी पार्टी या कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री स्थिति देखने आया और न ही कांग्रेस का कोई प्रधानमंत्री गरीबों का हाल जानने पहुंचा।
‘यूपी को अब कोई बीमारू राज्य नहीं कहता’
योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान ‘बीमारू राज्य’ के तौर पर की जाती थी, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की देश में एक अलग और सम्मानजनक छवि है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में पहले समानांतर माफिया शासन चलता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उनके मुताबिक, “आज कोई यूपी को बीमारू राज्य नहीं कहता और अब कोई उत्तर प्रदेश पर सवाल नहीं उठाता। राज्य ने अब एक सम्मानजनक छवि बनाई है।”
मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा,"सपा के मुखिया ने स्वयं अपनी अपने भाषण में भी कह दिया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी इसलिए बची है क्योंकि एक ही परिवार के पांच सांसद हैं। हमने कहा घबराइए मत घबराइए मत अपना खैर मनाइए कि सपा बची हुई है। अन्यथा उसके हाल वैसे ही होने वाले हैं जैसे कभी जैसे कभी जनता दल के हुए थे और वही हाल जरूर होंगे।"
