पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के बीच बृजभूषण सिंह का लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने को लेकर बड़ा ऐलान

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jun 11, 2023, 10:25 PM IST

महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में अपने निर्वाचन क्षेत्र कैसरगंज से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

गोंडा: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को दावा किया कि वह उत्तर प्रदेश में अपने निर्वाचन क्षेत्र कैसरगंज से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। कई महिला पहलवानों द्वारा उन पर लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बीच उनकी यह टिप्पणी आई है। बृजभूषण सिंह उत्तर प्रदेश के गोंडा में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बृज भूषण ने मीडिया से कहा कि 2024 में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बीजेपी उत्तर प्रदेश में सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने आगे कहा कि मैं कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ूंगा।

ओलंपियन बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगट अन्य पहलवानों के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर WFI प्रमुख को हटाने और गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाने के लिए इस साल की शुरुआत से ही राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। 28 मई को, क्षेत्र में धारा 144 लागू होने के बावजूद, पहलवानों ने नई संसद के सामने एक मार्च और विरोध की योजना बनाई थी। उन्हें रास्ते में दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 147, 149, 186, 188, 332, 353, PDPP एक्ट की धारा 3 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। दिल्ली पुलिस ने धरना स्थल को भी खाली करा लिया है।

End of Feed