77 साल पहले भी उठा था लोकसभा की सीटें बढ़ाने का सवाल, तब संविधान सभा में क्यों नहीं मानी गई थी केटी शाह की बात?

लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने का सवाल भारत के लिए नया नहीं है। संविधान सभा में 1949 में ही इस पर गंभीर बहस हो चुकी थी। उस समय 500 सदस्यों की सीमा को उचित माना गया, लेकिन आज बदलती जनसंख्या, महिला आरक्षण और संसदीय प्रतिनिधित्व की जरूरतों ने इस बहस को फिर प्रासंगिक बना दिया है। अब देखना होगा कि संसद इस प्रस्ताव पर क्या फैसला लेती है।

संसद में सीटें बढ़ाने को लेकर देश में एक बार फिर बहस छिड़ी हुई है। केंद्र सरकार लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी में है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आजादी के बाद संविधान सभा में भी लोकसभा की सीटों की अधिकतम संख्या तय करने को लेकर लंबी बहस हुई थी? 4 जनवरी 1949 को संविधान सभा में इस मुद्दे पर दो अलग-अलग विचार सामने आए थे। एक पक्ष चाहता था कि लोकसभा की सीटों की संख्या पर कोई स्थायी सीमा न हो, जबकि दूसरे पक्ष का मानना था कि 500 सदस्यों का सदन पर्याप्त होगा। आखिरकार 500 सीटों की सीमा तय करने का फैसला हुआ और इसे हटाने का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। आइए समझते हैं कि उस समय संविधान सभा में क्या तर्क दिए गए थे और आज यह बहस फिर क्यों महत्वपूर्ण हो गई है...

लोकसभा सीटों पर 77 साल पहले भी हुई थी बहस।

लोकसभा सीटों पर 77 साल पहले भी हुई थी बहस। (फोटो- AI)

संविधान सभा में कब और क्यों उठा था सीटों का मुद्दा?

लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या तय करने का सवाल सबसे पहले संविधान सभा में 4 जनवरी 1949 को उठा था। उस समय संविधान के मसौदे में लोकसभा के लिए अधिकतम 500 सीधे निर्वाचित सदस्यों का प्रावधान रखा गया था। तब संविधान सभा में इस प्रस्ताव पर अर्थशास्त्री और समाजवादी विचारक केटी शाह ने आपत्ति जताई थी। उनका मानना था कि लोकतंत्र में जनता की आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसलिए संविधान में लोकसभा की सीटों की अधिकतम संख्या स्थायी रूप से तय नहीं की जानी चाहिए।

कांग्रेस ने किया था 500 सदस्यों की सीमा का समर्थन

दूसरी ओर,कांग्रेस सदस्य एम. अनंतशयनम अय्यंगार ने 500 सदस्यों की सीमा का समर्थन किया। उनका तर्क था कि बहुत बड़ा सदन प्रभावी तरीके से काम नहीं कर पाएगा।

केटी शाह क्यों नहीं चाहते थे लोकसभा में सीटों की अधिकतम सीमा?

केटी शाह ने संविधान सभा में संशोधन प्रस्ताव पेश करते हुए कहा था कि लोकसभा में प्रतिनिधियों की संख्या तय करने का आधार देश की आबादी होनी चाहिए, न कि कोई निश्चित संख्या। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि हर पांच लाख की आबादी पर एक प्रतिनिधि होना चाहिए। इससे जैसे-जैसे देश की जनसंख्या बढ़ेगी, वैसे-वैसे लोकसभा के सदस्यों की संख्या भी बढ़ाई जा सकेगी।

शाह ने इसके पीछे जनसंख्या वृद्धि का तर्क दिया था। उन्होंने कहा कि देश में पिछले तीन-चार दशकों से हर जनगणना में आबादी बढ़ने का रुझान दिखाई दिया है। पिछली जनगणना में भी दस वर्षों के दौरान करीब 15 प्रतिशत जनसंख्या वृद्धि दर्ज की गई थी। उनका कहना था कि अगर लोकसभा की अधिकतम संख्या 500 तय कर दी गई तो भविष्य में हर सांसद को पहले से अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करना पड़ेगा। इससे जनता की आवाज सदन में कमजोर हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत जैसे बड़े देश में 600 सदस्यों की लोकसभा भी बहुत बड़ी नहीं होगी।

कांग्रेस नेता अय्यंगार ने 500 सदस्यों की सीमा के पक्ष में क्या दलील दी?

वहीं, केटी शाह के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कांग्रेस नेता एम. अनंतशयनम अय्यंगार ने कहा था कि 500 सदस्यों की संख्या पर्याप्त है। इतना ही नहीं उन्होंने सदन की कार्यक्षमता का सवाल भी उठाया था। उनका तर्क था कि उस समय करीब 300 सदस्यों वाले सदन में भी कई बार कोरम पूरा करने के लिए घंटी बजानी पड़ती है। ऐसे में सदस्यों की संख्या बढ़ाने से प्रतिनिधित्व प्रभावी होने के बजाय सदन का संचालन मुश्किल हो सकता है।

अय्यंगार ने कहा था कि सदन बहुत छोटा भी नहीं होना चाहिए, लेकिन उसकी संख्या जरूरत से ज्यादा बढ़ाना भी उचित नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि 500 की संख्या पूरी तरह अंतिम सीमा नहीं होगी, क्योंकि कुछ विशेष परिस्थितियों में अतिरिक्त प्रतिनिधित्व का प्रावधान भी रखा जा सकता है।

क्या संविधान सभा ने केटी शाह का प्रस्ताव स्वीकार किया था?

इस सवाल का जवाब है नहीं। तब संविधान सभा में केटी शाह के इस संशोधन प्रस्ताव पर मतदान हुआ था, लेकिन इसे बहुमत का समर्थन नहीं मिला और प्रस्ताव खारिज कर दिया गया।

इसके बाद संविधान सभा ने लोकसभा में अधिकतम 500 सीधे निर्वाचित सदस्यों की व्यवस्था को स्वीकार कर लिया। 26 नवंबर 1949 को अपनाए गए संविधान के अनुच्छेद 81 में इसका प्रावधान किया गया। इस तरह संविधान निर्माताओं ने लोकसभा के आकार को सीमित रखने का फैसला किया। हालांकि, उन्होंने यह भी व्यवस्था रखी कि भविष्य में जरूरत के मुताबिक संवैधानिक संशोधनों के जरिए इसमें बदलाव किया जा सकता है।

500 से 550 और फिर 543 तक कैसे पहुंची लोकसभा की सीटें?

संविधान लागू होने के बाद लोकसभा की सदस्य संख्या में समय-समय पर बदलाव किए गए। शुरुआती व्यवस्था में राज्यों से अधिकतम 500 सीधे निर्वाचित सदस्यों का प्रावधान था। बाद के संवैधानिक संशोधनों के जरिए केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधित्व को भी इसमें शामिल किया गया। वर्तमान संवैधानिक व्यवस्था के तहत राज्यों से अधिकतम 530 और केंद्र शासित प्रदेशों से अधिकतम 20 सदस्य लोकसभा में हो सकते हैं। यानी कुल अधिकतम सीमा 550 है। वहीं, लोकसभा में फिलहाल 543 निर्वाचित सीटें हैं। इनमें 530 सीटें राज्यों और 13 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के हिस्से में हैं।

अब 850 सीटें करने का प्रस्ताव क्यों आया है?

लोकसभा की सीटें बढ़ाने का मौजूदा प्रस्ताव महिला आरक्षण को लागू करने की योजना से जुड़ा है। संसद में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान पहले ही 106वें संविधान संशोधन,2023 के जरिए किया जा चुका है। अब केंद्र सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में नए विधायी प्रस्ताव ला रही है।इसके लिए संविधान (132वां संशोधन)विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 लाने की तैयारी है।

इस नए संविधान संशोधन प्रस्ताव में इन बिंदुओं को रखा गया है-

  • लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करना।
  • राज्यों के हिस्से में अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के हिस्से में 35 सीटें रखना।
  • राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी करना।
  • राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करना।
  • महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना।
  • राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा आनुपातिक हिस्से को 2051 तक सुरक्षित रखना।
प्रस्ताव के मुताबिक, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखने की बात कही गई है।

परिसीमन की बहस में 1949 का संदर्भ आज क्यों महत्वपूर्ण है?

1949 में केटी शाह और अय्यंगार के बीच हुई बहस आज भी दो अलग-अलग लोकतांत्रिक चिंताओं को सामने रखती है। केटी शाह का तर्क था कि जनसंख्या बढ़ने के साथ प्रतिनिधियों की संख्या भी बढ़नी चाहिए, ताकि प्रत्येक सांसद के जरिए जनता को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल सके। वहीं, अय्यंगार का मानना था कि सदन का आकार इतना बड़ा नहीं होना चाहिए कि उसकी कार्यक्षमता प्रभावित होने लगे।

आज भी लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव के साथ यही दोनों सवाल जुड़े हैं। एक तरफ बढ़ती आबादी और बेहतर प्रतिनिधित्व की जरूरत है,तो दूसरी तरफ राज्यों के बीच राजनीतिक और संसदीय प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखने की चुनौती है।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed