Highest Voter Turnout: पश्चिम बंगाल में दो चरण में हुए विधानसभा चुनावों (West Bengal Assembly Election 2026) में रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ है,जो स्वतंत्रता के बाद से सबसे अधिक है। यहां 29 अप्रैल को हुए दूसरे चरण में मतदान प्रतिशत 92.67 रहा। वहीं 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के चुनावों में मतदान प्रतिशत 93.19 रहा था। जिसके बाद आयोग ने बताया कि दोनों चरणों में कुल मतदान प्रतिशत 92.47 प्रतिशत रहा है। जो आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा है। लेकिन इतनी भारी वोटिंग के बाद भी यह देश में सबसे ज्यादा नहीं है। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि देश में सबसे ज्यादा किस राज्य में और कब दर्ज किया गया था। आप शायद किसी बड़ी आबादी वाले जैसे उत्तर प्रदेश या मध्य प्रदेश का अनुमान लगाए लेकिन ऐसा नहीं है। हम आज आपको बताएंगे कि देश की स्वतंत्रता के बाद से जबसे भारत में चुनाव की परंपरा शुरू हुई तब से किस राज्य में सबसे ज्यादा मतदान दर्ज किया गया...
किस राज्य में हुई सबसे ज्यादा वोटिंग?
हाल में हुए विधानसभा चुनावों में भारी मतदान के बावजूद, यह 2013 के त्रिपुरा चुनाव में दर्ज 93 प्रतिशत से अधिक मतदान के रिकॉर्ड से ऊपर नहीं जा सका। निर्वाचन आयोग के आकड़ों से यह स्पष्ट होता है।
पश्चिम बंगाल में इस बार कितना मतदान?
त्रिपुरा, नगालैंड और मणिपुर में विधानसभा चुनावों में वर्षों से 90 प्रतिशत और इससे अधिक मतदान होता आ रहा है। अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में 92.67 प्रतिशत मतदान के साथ पश्चिम बंगाल ने नगालैंड और मणिपुर को पीछे छोड़ दिया,जो स्वतंत्रता के बाद से राज्य का सबसे अधिक मतदान है। पश्चिम बंगाल में इससे पहले सर्वाधिक मतदान 84.72 प्रतिशत 2013 के चुनाव में दर्ज किया गया था।
त्रिपुरा ने नाम दर्ज है खास रिकॉर्ड
त्रिपुरा में 2013 के चुनाव में 93.61 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो किसी भी राज्य में अब तक का सर्वाधिक मतदान है। इस आंकड़े के साथ त्रिपुरा अब भी इस मामले में देश में सबसे ऊपर बना हुआ है।
गौरतलब है कि 9 अप्रैल को असम और पुडुचेरी में क्रमशः 85.38 प्रतिशत और 89.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। जिससे इन दोनों राज्यों में अब तक की सबसे अधिक चुनावी भागीदारी का रिकॉर्ड टूट गया।
वहीं, तमिलनाडु में 84.69 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2011 में हुए 78.29 प्रतिशत के पिछले उच्चतम मतदान से अधिक है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 92.69 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि पुरुषों का प्रतिशत 90.92 रहा।
