भारत की पहली बुलेट ट्रेन पर बड़ी तेजी से काम चल रहा है। जापानी तकनीक से लैस इस ट्रेन का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। देश की प्रस्तावित पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन की तस्वीर पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आई है। यह तस्वीर नई दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर लगाई गई है, जहां इसे देखने के लिए लोगों में उत्सुकता दिखाई दे रही है।
देश की पहली प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की तस्वीर आई सामने। (फोटो-ani)
तस्वीर में बुलेट ट्रेन का आधुनिक और एयरोडायनामिक डिजाइन नजर आ रहा है। ट्रेन का लुक जापान की शिंकानसेन ट्रेनों से प्रेरित बताया जा रहा है,लेकिन इसमें भारतीय पहचान को भी शामिल करने की कोशिश की गई है। हाई-स्पीड तकनीक से लैस यह ट्रेन भारत के रेल नेटवर्क में एक बड़े बदलाव का प्रतीक मानी जा रही है।
देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर तैयार की जा रही है। यह परियोजना भारत और जापान के सहयोग से विकसित हो रही है। इस कॉरिडोर पर ट्रेन लगभग 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, परियोजना पर तेजी से काम जारी है। कई हिस्सों में ट्रैक, स्टेशन और पुल निर्माण का काम आगे बढ़ चुका है। मंत्रालय में लगाई गई तस्वीर को भारत के भविष्य के रेल नेटवर्क की झलक के तौर पर देखा जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद देश में हाई-स्पीड रेल यात्रा का नया दौर शुरू होगा और इससे तकनीक, रोजगार तथा बुनियादी ढांचे के विकास को भी गति मिलेगी।
