Voter Roll Revision: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मामले को लेकर अभी सियासत गर्मायी हुई है और अब बंगाल में भी इसकी मांग उठने लगी है। बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बिहार में जो हो रहा है वह बंगाल में भी होना चाहिए।
बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी ने क्या कुछ कहा?
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मामले को लेकर मैं टिप्पणी नहीं करूंगा। बंगाल में बहुत सारे फर्जी वोटर्स हैं और घुसपैठियों को भी वोटर लिस्ट में सूचीबद्ध किया गया है। इसे साफ करना होगा... बिहार में जो हो रहा है वह बंगाल में भी होना चाहिए।
'बिहार के बाद निशाने पर बंगाल'
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने रविवार को आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग द्वारा बिहार में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण करने का आदेश आगामी विधानसभा चुनाव में वास्तविक युवा मतदाताओं को मतदान से वंचित करने के लिए है और उसका अगला निशाना पश्चिम बंगाल होगा। मोइत्रा ने 'पीटीआई वीडियो' से बातचीत में कहा था, ''उसने (निर्वाचन आयोग ने) अब बिहार के वास्तविक युवा मतदाताओं को वंचित करने के लिए इसे पेश किया है, जहां जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। बाद में, वे बंगाल को निशाना बनाएंगे, जहां 2026 में चुनाव होने हैं।''
