भाजपा मुख्यालय में दिवाली मिलन कार्यक्रम के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के साथ लंच टेबल पर हुई अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने राजनीति से लेकर अपनी निजी जिंदगी तक के कई दिलचस्प पहलुओं पर खुलकर बात की। इस बातचीत का सबसे दिलचस्प हिस्सा रहा पोते के साथ वायरल वीडियो का किस्सा, जिसे याद कर अमित शाह खुद भी मुस्कुरा उठे। इस दौरान शाह ने उत्तर प्रदेश के बंटवारे पर दो टूक जवाब दिया तो पंजाब में भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया। इस दौरान अपनी आने वाली 3-4 किताबों और सिख धर्मगुरुओं के इतिहास पर लिखी जा रही पुस्तक का भी जिक्र किया।
गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो-PTI)
पोते के साथ वायरल वीडियो का दिलचस्प किस्सा
हाल ही में गुजराती नव वर्ष के समारोह के दौरान अमित शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें उनका पोता उनका हाथ खींचकर उन्हें कहीं ले जाता नजर आया था। इस वाकये को याद करते हुए गृह मंत्री ने मुस्कुराते हुए मजेदार किस्सा साझा किया। शाह ने बताया कि उनका पोता वहां लोगों को लड्डू बंटवाना चाहता था, जिसकी तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा था। जब परिवार के सदस्यों का ध्यान इस ओर नहीं गया, तो बच्चे ने खुद आगे बढ़कर उनका हाथ पकड़ा और खींचते हुए वहां ले गया जहां लड्डू रखे हुए थे।
उत्तर प्रदेश के विभाजन पर स्पष्ट रुख
उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में समय-समय पर राज्य के बंटवारे को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं। इस पर विराम लगाते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने बेहद स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश का बंटवारा नहीं होगा, चाहे राज्य में भाजपा की सरकार रहे या न रहे। उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
पंजाब विधानसभा चुनाव जीतने का दावा
आगामी चुनावों की रणनीतियों पर बात करते हुए अमित शाह ने पंजाब को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है और राज्य में पार्टी की सरकार बनेगी।
सोनिया गांधी की आत्मकथा और अपनी 3-4 नई किताबों पर खुलासा
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की हालिया आत्मकथा को लेकर जब पत्रकारों ने उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो अमित शाह ने सहजता से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी सोनिया गांधी की यह किताब नहीं पढ़ी है, क्योंकि उनके पढ़ने के लिए पहले से ही कई अच्छी किताबें पेंडिंग हैं, जिन्हें वे पहले पूरा करेंगे। इस बातचीत के दौरान अमित शाह ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे खुद 3 से 4 किताबें लिख रहे हैं, जो जल्द ही सबके सामने आएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि इनमें से एक विशेष पुस्तक सिख धर्मगुरुओं के जीवन और उनके इतिहास पर आधारित है।
