कोलकाता रेप केस में आखिरकार ममता सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को मान लिया है। ममता सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और सुपरिटेंडेंट को हटा दिया है। इनकी जगह पर मानस बंद्योपाध्याय को नया प्रिंसिपल नियुक्त किया गया है।
सुहृता पॉल को हटाया गया
मिली जानकारी के अनुसार आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की नवनियुक्त प्रिंसिपल सुहृता पॉल को उनके पद से हटा दिया गया है। छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा स्वास्थ्य भवन में अधिकारियों से मुलाकात के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। यह फैसला मेडिकल छात्रों द्वारा सीजीओ कॉम्प्लेक्स (सीबीआई कार्यालय) से स्वास्थ्य भवन तक विरोध मार्च निकालने के बाद लिया गया है। इस विरोध मार्च में प्रिंसिपल को हटाने की मांग की गई थी। आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए प्रिंसिपल के रूप में मानस बंद्योपाध्याय को नियुक्त किया।
CISF के हवाले सुरक्षा
कोलकाता के सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की तैनाती शुरू हो गई। यह तैनाती सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद की गई है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि इस महीने की शुरुआत में महिला जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना वाले अस्पताल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) को तैनात किया जाए। सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक के. प्रताप अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ सुबह आरजी कर पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि वे सीआईएसएफ कर्मियों की तैनाती के संबंध में अस्पताल अधिकारियों से चर्चा करने पहुंचे थे।
सौरभ गांगुली प्रदर्शन में हुए शामिल
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने बुधवार को कोलकाता में ‘कैंडल लाइट’ विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए और उस प्रशिक्षु चिकित्सक के लिए न्याय की मांग की, जिसकी इस माह की शुरुआत में शहर के एक सरकारी अस्पताल में कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। बेहाला इलाके में शाम को रैली के दौरान सौरभ के साथ उनकी पत्नी डोना गांगुली और बेटी सना भी मौजूद रहीं। गांगुली भी इसी इलाके में रहते हैं। गांगुली ने मीडिया से बात नहीं की, लेकिन रैली खत्म करने के बाद मोमबत्तियां जलाते नजर आए।
